अनदेखी का एक्सप्रेस हाई रिस्क वे:साइड के खेत और मकानों में खुल गए होटल-ढाबे इनके सामने एक लेन पर लग रही वाहनों की कतारें

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के दोनों किनारों पर खेत और मकानों में जगह-जगह होटल-ढाबे खुल गए हैं। दावा था कि इस सड़क पर निर्धारित रेस्ट एरिया के अलावा कहीं भी वाहन नहीं रोक सकेंगे, लेकिन हालात यह है कि होटल-ढाबों के सामने जगह-जगह वाहन खड़े रहते हैं। इस कारण हादसे बढ़ रहे हैं। एक्सप्रेस-वे 4 से 5 मीटर ऊंचा बनाया है ताकि वाहनों के अलावा कोई चढ़ नहीं सके, लेकिन होटल-ढाबे वालों ने एक्सप्रेस-वे से अवैध रास्ते बना लिए हैं। इसके बावजूद एनएचएआई के अधिकारी इन्हें हटवाने की तरफ ध्यान नहीं रहे हैं। सोहना से सवाई माधोपुर जिले तक एक्सप्रेस-वे वाहनों के लिए खोला जा चुका है, लेकिन रेस्ट एरिया सभी जगह चालू नहीं हुए हैं। संचालन के अभाव में रेस्ट एरिया कबाड़ हो रहे हैं। एक्सप्रेस-वे के दौसा-सोहना खंड का लोकार्पण 12 फरवरी 2023 को प्रधानमंत्री मोदी ने किया था। दूसरे चरण में दौसा से सवाईमाधोपुर खंड पर भी वाहन महीनों पहले से चलना शुरू हो गए हैं। अब सवाई माधोपुर से कोटा तक का काम चल रहा है। वाहनों से टोल वसूली शुरू हो गई, लेकिन सुविधाएं नहीं मिल रही है। लालसोट से बांदीकुई से आगे तक किनारों पर खेत और घरों में सैकड़ों होटल-ढाबे खुल गए हैं। दौसा जिले में लालसोट-दौसा हाइवे जंक्शन प्यारीवास नांगल, बांदीकुई क्षेत्र में नंदेरा से आमाली, नंदेरा, अनंतवाड़ा, बडियाल, दहड़ा की ढाणी, पामाड़ी सहित कई जगह होटल, ढाबे, पंक्चर की दुकानें है। एनएचएआई : ये पुलिस की जिम्मेदारी, कई बार लिख चुके हैं, एसपी : चुनाव में व्यस्त हो गए थे, हादसे रोकना हमारी प्राथमिकता, ढाबे जल्द हटवाएंगे कबाड़ बन रहे रेस्ट एरिया: एनएचएआई के अधिकारी सोहना से भांडारेज तक रेस्ट एरिया चालू होने का दावा करते हैं। लेकिन इनमें सारी सुविधाएं नहीं मिल रही है। एक्सप्रेस-वे पर हर पचास किमी में वाहन चालकों के लिए रेस्ट एरिया बनाए थे। सवाई माधोपुर जिले के रेस्ट एरिया कबाड़ हो रहे हैं। इनकी बिल्डिंगों में मवेशी बैठते हैं। ये शराबियों के अड्डे बने हुए हैं। कमरों की खिड़कियों के कांच तोड़ दिए हैं। “एक्सप्रेस-वे के किनारों पर खुले होटल-ढाबे अवैध है। इन्हें हटाने के लिए संबंधित पुलिस सुप्रीटेंडेंट को लिख चुके हैं। इनके सामने खड़े वाहनों के फोटो खींचकर देते हैं। रेस्ट एरिया सोहना से भांडारेज तक चालू हो गए हैं। इसके आगे वाले प्रक्रिया में है। जल्द चालू हो जाएंगे।”
-बलबीरसिंह यादव, पीडी एनएचएआई दौसा “चुनाव में व्यस्त हो गए थे। यह काम हमारी मुख्य प्राथमिकता में शामिल है। एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ खुले होटल-ढाबों का सर्वे कर लिया है। इनकी सूची बना ली है। जनवरी में इन्हें हटाने का अभियान चलाया जाएगा।”
-रंजीता शर्मा, एसपी दौसा

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *