आज साल 2024 का अंतिम दिन है। दौसा जिले के लिए 2024 कई मायनों में अपनी छाप छोड़कर जा रहा है। सियासी उलटफेर हो, क्राइम या फिर बडे हादसे। पूरे जिले को इन घटनाओं ने हिलाकर रख दिया। कैलेंडर पर इस साल के कई दिन और तारीख भूले से भी नहीं भुलाए जाएंगे। जिले में 27 साल बाद दौसा-गंगापुर रेलसेवा की शुरूआत, मेहंदीपुर बालाजी में राष्ट्रपति का दौरा, दौसा में प्रधानमंत्री का रोड शो और जोधपुरिया व कालीखाड गांव में बोरवेल हादसे। सभी को एक साथ समेटकर एक ही जगह दैनिक भास्कर अपने पाठकों के लिए लेकर आया है। आइए रिकॉल करते हैं इन घटनाओं को 14 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सिद्धपीठ मेहंदीपुर बालाजी धाम पहुंची। उनके यहां पहुंचने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उनकी अगवानी की। बालाजी मंदिर पहुंचने पर महंत डॉ नरेशपुरी गोस्वामी ने उनका स्वागत कर विशेष पूजा अर्चना कराई। मंदिर के पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ 31 मिनट तक राष्ट्रपति के हाथों पूजा कराई। जहां भैरव बाबा व प्रेतराज सरकार के दरबार में ज्योति जलाई गई। राष्ट्रपति करीब डेढ़ घंटे तक मेहंदीपुर धाम में रूकी। 16 मार्च को प्रदेश की सबसे लंगी सुरंग से गुजरी ट्रेन
27 साल बाद दौसा से गंगापुर सिटी ट्रेन का सपना पूरा हो हुआ। साल 1996 में इस प्रोजेक्ट को स्वीकृत किया गया था। आखिर रेलवे लाइन का काम पूरा हुआ और तत्कालीन सांसद जसकौर मीणा व डीआरएम ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। खास बात ये थी कि इस रूट पर डिडवाना से इंदावा तक जर्मन तकनीक से बनी 2150 मीटर लंबाई वाली सुरंग प्रदेश की सबसे लंबी रेल सुरंग है। 12 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दौसा आए
लोकसभा चुनाव में दौसा के भाजपा प्रत्याशी कन्हैयालाल मीणा के प्रचार कैंपेन में पीएम मोदी ने दौसा शहर में गांधी तिराहे से गुप्तेश्वर सर्किल तक रोड शो किया। लोगों ने पीएम पर फूल बरसाए तो मोदी ने हाथ जोड़कर अभिवादन किया। पीएम मोदी के साथ ओपन जीप में कैबिनेट मंत्री किरोड़ीलाल मीणा व लोकसभा प्रत्याशी कन्हैयालाल मीणा सवार हुए थे। 22 अप्रैल को मेहंदीपुर में कुमार विश्वास की रामकथा
हनुमान जन्मोत्सव पर धार्मिक नगरी मेहंदीपुर बालाजी में मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत डॉ नरेशपुरी गोस्वामी के सान्निध्य में अपने-अपने राम संगीतमय राम ऊर्जा सत्र का आयोजन किया गया। दो दिवसीय आयोजन 22 व 23 अप्रैल को हुआ, जिसमें आध्यात्मिक वक्ता डॉ. कुमार विश्वास द्वारा राम ऊर्जा सत्र में कथा कही गई। 16 मई को एक्सीडेंट में पांच की मौत
दौसा-मनोहरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर डांगरवाड़ा गांव के पास ओवरटेक करते वक्त बोलेरो और थार की भिड़ंत में 5 की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग बडोली गांव से भांजी की शादी में भात (मायरा) भरने जा रहे थे। 4 जून को कांग्रेस के मुरारीलाल बने दौसा सांसद
लोकसभा चुनाव में दौसा सीट पर कांग्रेस के मुरारीलाल मीणा ने जीत दर्ज कर भाजपा की हैट्रिक को रोक बीजेपी को शिकस्त दी। उन्होंने भाजपा के कन्हैयालाल मीणा को 2 लाख 31 हजार वोटो से हराया। यहां बीजेपी के हरीश मीणा साल 2014 में सांसद बने थे। इसके बाद 2019 में बीजेपी से जसकौर मीणा सांसद बनी थी। 5 अगस्त को एक्सीडेंट में पांच राजस्वकर्मियों की मौत
लालसोट में नेशनल हाईवे-11ए पर शिवसिंहपुरा गांव के पास हाईवे पर डंपर ने राजस्व कार्मिकों की कार को टक्कर मार दी। हादसे में एक नायब तहसीलदार समेत 5 सरकारी कर्मचारियों की मौत हो गई थी। यहां कार को टक्कर मारने के बाद डंपर भी खेत में उतर गया था। 14 अगस्त को मोरेल बांध पर चादर चली
बरसात के बाद पानी की लगातार आवक होने से एशिया के सबसे बडा कच्चा बांध मोरल पानी से लबालब हो गया। बांध अपनी क्षमता 30.6 फीट के अनुसार लबालब होकर बांध पर ऊफरा चली। वर्ष 2019 के बाद 30.6 फीट लबालब भरे बांध को देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। वर्ष 1952 में शुरू हुआ था बांध का निर्माण, एशिया महाद्वीप का सबसे बड़ा कच्चा मोरेल बांध है। 17 सितम्बर को दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेसवे धंसा
भारतमाला परियोजना के तहत बनाए गए दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे भांडारेज इंटरचेंज के पास धंस गया। मामले में नेशनल हाईवे प्राधिकरण (NHAI) ने एक्शन लेते हुए एक्सप्रेसवे से जुडे कंसलटेंट को टर्मिनेट कर दिया था। साथ ही निर्माण कंपनी पर 50 लाख का जुर्माना लगाया था। यह मामला पूरे में देश में सुर्खियों में रहा था कि एक्सप्रेसवे निर्माण में कमियां रही। 19 सितम्बर को बोरवेल में गिरी नीरू को बचाया
बांदीकुई के जोधपुरिया गांव में बोरवेल में फंसी मासूम बच्ची नीरू गुर्जर को 19 घंटे के रेस्क्यू के बाद बचा लिया गया। NDRF टीम ने बोरवेल के पास सुरंग खोदकर बच्ची को बचाने के लिए लगातार 12 घंटे तक खुदाई की थी। 6 अक्टूबर को डंपर ने 5 लोगों को कुचला
लालसोट बस स्टैंड पर तेज रफ्तार डंपर ने कई बाइक सवारों को कुचल दिया। हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। यहां ओवरलोड डंपर का ब्रेक फेल हुआ था। इसके बाद वह बस से भिड़ा और भीड़ में घुस गया। दोनों ही वाहनों के नीचे 15 लोग दब गए थे। सीएम बनने के बाद पहली बार मेहंदीपुर आए भजनलाल
मुख्यमंत्री बनने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पहली बार लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला व केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के साथ सिद्धपीठ मेहंदीपुर बालाजी धाम पहुंचकर दर्शन किए। महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज ने उनकी अगवानी कर स्वागत किया। जहां सीएम समेत तीनों नेताओं स्वयंभू बालाजी महाराज के दर्शन कर विशेष पूजा अर्चना की थी। मूसेवाला हत्याकांड में शामिल कुख्यात गैंगस्टर अरेस्ट
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में शामिल कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया को हथियार तस्करी के मामले में मेहंदीपुर बालाजी थाना पुलिस ने सेंट्रल जेल बठिंडा पंजाब से गिरफ्तार किया। गैंगस्टर जग्गू पर मर्डर, हथियारों की खरीद फ़रोख़्त व मादक पदार्थों की तस्करी समेत कई अन्य मामलों के 100 से ज्यादा मुकदमें दर्ज हैं। जिसे कड़ी सुरक्षा के बीच बालाजी थाने लाया गया था। 4 नवंबर को सचिन पायलट ने चलाया ट्रेक्टर
दौसा विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी डीसी बैरवा के प्रचार के दौरान पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने सैंथल कस्बे में ट्रैक्टर चलाया। इस दौरान पायलट ने डीजे पर युवाओं के साथ ठुमके भी लगाए। 7 नवंबर को मंत्री किरोडीलाल ने मांगी वोट की भिक्षा
दौसा विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान कृषि मंत्री डॉ किरोडीलाल मीणा ने अपने छोटे भाई व भाजपा प्रत्याशी जगमोहन मीणा के लिए हाथ में कमंडल लेकर वोट भिक्षाम देही कहते हुए शहर में बाइक पर घूमकर वोट मांगे। 23 नवंबर को डीसी बैरवा विधायक बने
दौसा विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार डीसी बैरवा ने मंत्री डॉ किरोडीलाल मीणा के भाई जगमोहन मीणा को 2300 वोट से चुनाव हराया। बैरवा पहली बार विधायक बने, जबकि कांग्रेस ने जीत की हैट्रिक लगाई। 12 दिसम्बर को बोरवेल में गिरे आर्यन की मौत
पापडदा थाना क्षेत्र के कालीखाड गांव में पांच साल का मासूम आर्यन मीणा 148 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। लगातार 57 घंटे तक रेस्क्यू के बाद उसे बमुश्किल से बाहर निकाला जा सका, लेकिन इससे पहले उसकी पानी में डूबने से मौत चुकी थी।


