आज साल 2024 का अंतिम दिन है। नए साल के स्वागत के लिए हजारों की संख्या में सैलानी जैसलमेर पहुंच गए हैं। जिससे जैसलमेर शहर की होटले, सम व खुहड़ी के रिसोर्ट हाउसफुल हो गए हैं। इस साल को विदाई व नए साल के स्वागत के लिए जैसलमेर पहुंचे सैलानियों के लिए होटल व रिसोर्ट संचालकों द्वारा अलग-अलग थीम पर तैयारियां की जा रही है। इसके साथ ही आज के दिन के लिए पुलिस ने भी करीब 500 पुलिस कर्मियों को तैनात किया है। आने वाले सैलानियों की सुरक्षा के लिए तमाम जगहों पर पुलिस का ज़ाब्ता तैनात रहेगा। साथ ही सम गांव जाने के लिए ट्रेफिक को भी डायवर्ट किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की सड़क दुर्घटना से बचाव किया जा सके। 1 लाख से भी ज्यादा सैलानी करेंगे जश्न आज जैसलमेर किसी विदेशी शहर की तरह ही नजर आएगा। हर होटल में नए अंदाज में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दावे किए जा रहे हैं। सम में 200 रिसोर्ट व जैसलमेर में 300 होटल है। नए साल का जश्न मनाने के लिए 1 लाख से भी ज्यादा पर्यटक आने की संभावना है। 2025 के स्वागत के लिए स्वर्णनगरी पूरी तरह से तैयार है। सम व खुहड़ी के धोरों के बीच स्थित रिसोर्ट व शहर की होटलों में आकर्षक सजावट की गई है। सभी पर्यटन व्यवसायी अलग-अलग थीम पर काम कर रहे हैं। विशेष रहेगी डिनर-पार्टी आज के दिन के लिए बाहर से स्पेशल कुक मंगवाए गए हैं और सभी जगह अलग-अलग व्यंजनों की भरमार होगी। खास तौर पर इंडियन, राजस्थानी, कोंटिनेंटल, चाइनीज, इटालियन, यूरोपियन व स्पेनिश व्यंजनों के मैन्यू तैयार किए गए हैं। इस दिन बुकिंग करवाने के लिए दौड़ भाग शुरू हो गई है। बाहर से आने वाले सैलानियों की एडवांस बुकिंग हो रखी है। आज के दिन को यादगार बनाने के लिए सैलानियों के साथ साथ होटल और रिसोर्ट बिजनेस से जुड़े लोग भी जुटे हैं। रात 8 बजे से सम से जैसलमेर वन-वे आज 31 दिसंबर की शाम 8 बजे से रात 1 बजे तक सम से जैसलमेर शहर आने का रास्ता पूरी तरह से बंद रहेगा। वैकल्पिक रास्ता सम से दामोदरा फांटा से छत्रैल, लौद्रवा, चूंधी व अमरसागर फांटा से होते हुए जैसलमेर शहर आ सकेंगे। वहीं जैसलमेर से सम जाने का रास्ता पूरी तरह से खुला रहेगा। पुलिस ने सभी सैलानियों से अपील की है कि कोई भी सैलानी शराब पीकर वाहन नहीं चलाएं, वाहन को धीरे चलाए, ओवरटेक नहीं करें और यातायात नियमों का पालन करें। 500 पुलिस कर्मी तैनात नए साल के स्वागत के लिए हजारों की संख्या में जैसलमेर पहुंचे सैलानियों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने इंतजाम किए है। जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एएसपी कैलाशदान जुगतावत को प्रभारी बनाया गया है। थानाधिकारी पुलिस थाना कोतवाली जैसलमेर, सम, खुहड़ी एवं तनोट को नए साल की पूर्व संध्या पर पूर्ण चौकसी एवं सतर्कता से ड्यूटी इंतजाम देने के निर्देश दिए है। जैसलमेर यातायात शाखा प्रभारी को भी नए साल की पूर्व संध्या पर यातायात व्यवस्था एवं पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए है। सम सेंड ड्यूंस व शहर में कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 500 पुलिसअधिकारियों व कर्मचारियों का जाब्ता लगाया गया है। शहर में नाका पोइंट व फिक्स पिकेट बनाकर जाब्ता तैनात किया गया है। शहर से लेकर सम तक कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 6 पुलिस मोबाइल पार्टियां तैनात रहेंगी।


