प्रदेश में सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग के छात्रावासों में छात्रावास अधीक्षक के 335 पद भरने की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। इसकी काउंसलिंग प्रक्रिया 6 जनवरी से पहले पूरी कर 15 जनवरी तक पोस्टिंग देने की तैयारी है। सरकार ने राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के जरिए छात्रावास अधीक्षक ग्रेड सेकंड भर्ती 2024 परीक्षा करवाई थी। हालांकि आवेदन 5 हजार से अधिक मिले थे। परीक्षा में 6811 अभ्यर्थी पास रहे, जिनमें से 5010 को काउंसलिंग के लिए बुलाया है। प्रदेश में सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग के 1800 से अधिक हॉस्टल हैं। इनमें से उदयपुर में 18 हैं, जिनमें 1400 के आसपास विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। प्रदेश में यह आंकड़ा 15000 के करीब है। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि उदयपुर को कितने वार्डन मिलेंगे। विभाग ने जिलावार आवंटन नहीं किया है। बता दें, 335 छात्रावास अधीक्षकों के पद खाली होने के कारण प्रतिनियुक्तियाें से काम चलाया जा रहा था। ये प्रतिनियुक्तियां शिक्षा विभाग के शिक्षकों को दी जा रही थीं। इसके लिए विभाग में एक साल का नियम बना है, जिसके तहत प्रतिनियुक्ति पर शिक्षक लिए जाते रहे हैं। हालांकि इससे सरकार को हर माह करीब 5000 रुपए का नुकसान होता था। क्योंकि प्रतिनियुक्ति भत्ता संबंधित विभाग से देय होता है।


