राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने विक्रम राठौड़ को अपना जनसंपर्क अधिकारी नियुक्त किया है। आयोग के चेयरमैन एवं पूर्व न्यायाधीश मदन लाल भाटी ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी किए। राठौड़ जनसंपर्क, मीडिया समन्वय-प्रबंधन और आयोग की जनकल्याणकारी नीतियों का प्रचार-प्रसार करेंगे। वह आयोग को जनसंपर्क विषयों पर परामर्श भी देंगे। विक्रम राठौड़ जनसंपर्क और लोक प्रशासन के विशेषज्ञ हैं। वह उच्च शिक्षा विशेषज्ञ, लेखक और स्वतंत्र शिक्षा समीक्षक के रूप में भी कार्यरत हैं। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर राज्य सरकार ने पूर्व न्यायाधीश मदन लाल भाटी की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय आयोग का गठन किया है। यह आयोग पंचायती राज संस्थाओं और नगरीय निकायों में ओबीसी आरक्षण पर अनुशंसाएं देगा। आयोग पंचायती राज और शहरी निकायों में ओबीसी जातियों के लिए आरक्षण का फॉर्मूला तैयार करेगा। इसके बाद अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगा। यह कदम राजस्थान के सामाजिक और शैक्षिक रूप से पिछड़े वर्गों के कल्याण और स्थानीय निकायों में उनके उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। इसी रिपोर्ट के आधार पर प्रदेश में आरक्षण लागू किया जाएगा। इस सबंध में आयोग नें राज्य के जन साधारण/अन्य पिछडा वर्ग के कल्याण हेतु कार्यरत संस्थाओं/हितबद्ध/हितधारकों से अपील की है कि राज्य के अन्य पिछड़ा वर्ग के पिछड़ेपन के अध्ययन के संबंध में अपना प्रत्यावेदन/सुझाव आयोग की E-MAIL ID obccommission25@gmail. com पर अथवा जरिए डाक या किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय समय में प्रस्तुत कर सकते हैं।


