कपूरथला के गांव रावलपिंडी में 22 वर्षीय विवाहिता मुस्कान की मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि विवाहिता के पति व उसके ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे जबरन जहरीली दवा पिलाकर मार डाला। पुलिस ने मुस्कान के पति समेत 4 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दिया है। आरोपियों की पहचान मुस्कान के पति सन्नी कुमार, ननद सिमरन, चाची सास मंजू और जेठानी गुरप्रीत कौर के रूप में हुई है। मृतका के पिता सुरजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी की शादी 5 अप्रैल 2023 को सनी कुमार के साथ हुई थी। आरोपी उसे शादी के बाद से ही उसे तंग करने लगे। यही नहीं आरोपी उसे मानसिक व शारीरिक तौर पर भी प्रताड़ित करते थे। मुस्कान के पिता ने बताया कि 21 सितंबर को सुबह 11 बजे उन्हें सूचना मिली कि मुस्कान के साथ ससुराल वालों ने मारपीट की है। आरोप है कि पति सनी कुमार, ननद सिमरन, चाची सास मंजू और जेठानी गुरप्रीत कौर ने मिलकर मुस्कान को जबरन जहरीली दवा पिला दी। हालत बिगड़ने पर अस्पताल करते रहे रेफर पर रेफर मृतिका के पिता ने बताया कि जब उनकी बेटी की हालत बिगड़ी तो पहले उसे फगवाड़ा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उसे जालंधर रेफर कर दिया गया। मुस्कान की हालत गंभीर देखते हुए जालंधर के निजी अस्पताल से डॉक्टरों ने उसे डीएमसी लुधियाना भेज दिया। वहां डॉक्टरों ने मुस्कान को मृत घोषित कर दिया। आरोपियों के गिरफ्तार होने के बाद ही करेंगे संस्कार मुस्कान की मौत के बाद पुलिस ने मायके पक्ष की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है लेकिन वो सिर्फ मामला दर्ज होने की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। मायके पक्ष ने पुलिस को साफ कह दिया है कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता तब तक वो संस्कार नहीं करेंगे। जांच में जुटी थाना पुलिस थाना रावलपिंडी के एसएचओ मेजर सिंह ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखा गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


