छत्तीसगढ़ की सियासत में सोशल मीडिया पर संग्राम जारी है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सीधा टारगेट करना शुरू कर दिया है। पार्टी नेता और आईटी सेल लगातार भूपेश बघेल, उनकी पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया और बेटे चैतन्य के पोस्टर और वीडियो शेयर कर रहे हैं। इनमें घोटालों और अन्य कथित भ्रष्टाचार मामलों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा जा रहा है। इन वीडियो और पोस्टर में कांग्रेस नेता नाले से निकलते हुए, जेल और बंद कमरों में चर्चा करते हुए दिखाए जा रहे है। बीजेपी के सोशल मीडिया पेज में पूर्व सीएम भूपेश बघेल उनके रिश्तेदारों और IAS अधिकारियों के पोस्टर जारी किए जा रहे है। बीजेपी पार्टी कार्यकर्ता “घोटालों का असली चेहरा” बताकर भूपेश बघेल को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बीजेपी की ओर से डाले गए कंटेंट में ‘भ्रष्टाचार की जड़’, ‘जनता से विश्वासघात’ जैसे हैशटैग ट्रेंड कराए जा रहे हैं। कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ता पोस्टर चिपकाकर भी कांग्रेस को घेरने की रणनीति अपना रहे हैं। छवि को चोट पहुंचाने का तरीका प्रदेश के राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है, कि बीजेपी-कांग्रेस नेताओं के बीच सोशल मीडिया में आमने सामने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व भी कई पोस्टर और वीडियो ऐसे आए जिनके बाद सोशल मीडिया में विवाद बढ़ा है। प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकारों का कहना है, कि आम तौर पर ये स्थिति चुनावी मौसम नजदीक आते दिखी थी, लेकिन प्रदेश में जब से सीबीआई, ईओडब्ल्यू, एसीबी की कार्रवाई का दौर शुरू हुआ है, तब से लगातार इस तरह के पोस्ट-वीडियो सोशल मीडिया में घूम रहे है। इसका मकसद जनता के बीच यह संदेश देना है कि कांग्रेस सरकार के दौरान हुए घोटालों में पूर्व सीएम और उनके करीबी सीधे तौर पर शामिल रहे हैं। बहरहाल मंगलवार–बुधवार को बीजेपी सोशल मीडिया टीम द्वारा जारी वीडियो पर कांग्रेस नेताओं और उनकी सोशल मीडिया टीम ने अब तक किसी भी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी है।


