कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के प्रेम नगर इलाके में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी विनोद कुमार के रूप में हुई है। विनोद अपनी पत्नी और पांच बच्चों के साथ कोटा में रहकर आरसीसी का काम करता था। वह पिछले दो-तीन महीनों से बेरोजगारी के कारण काम न मिलने से मानसिक तनाव में चल रहा था। परिजन ने बताया कि लंबे समय से आर्थिक तंगी और काम न मिलने की वजह से वह परेशान था। देर रात को उसने घर में ही फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक के चाचा सत्य प्रकाश ने भी इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और तनाव के कारण ही विनोद ने यह कदम उठाया। सूचना पर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजन को सौंप दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


