हजारीबाग पुलिस ने मंगलवार की रात लूट की योजना बना रहे तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अपराधी खीरगांव पेट्रोल पंप लूट कांड में भी शामिल थे। 23 सितंबर की रात पुलिस को सूचना मिली कि कटकमदाग थाना क्षेत्र में हथियारबंद अपराधी लूट की योजना बना रहे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कटकमदाग थाना प्रभारी और सशस्त्र बल की टीम ने इलाके में वाहन जांच अभियान चलाया। मोहडर-विष्णुपुरी रोड पर दो बाइक पर सवार चार संदिग्धों में से एक भाग निकला। खीरगांव पेट्रोल पंप लूटकांड में शामिल होने की बात स्वीकार की गिरफ्तार आरोपियों में मनीष राणा (23), दीपक कुमार (25) और अमन कुमार (23) शामिल हैं। तीनों हजारीबाग और रामगढ़ जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ में उन्होंने खीरगांव पेट्रोल पंप लूटकांड में शामिल होने की बात स्वीकार की। तलाशी में पुलिस ने दो देशी पिस्तौल, तीन मैगजीन और दस जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा एक अपाचे बाइक, दो मोबाइल फोन और 35 हजार रुपए नकद भी मिले। पकड़े गए अपराधियों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरार आरोपी अविनाश कुमार और उसके एक साथी की तलाश जारी है।


