अजमेर में इंजीनियरिंग छात्रा से गैंगरेप की कोशिश:किडनैप कर नशीली कोल्ड ड्रिंक और शराब पिलाई; बेहोश होने पर कॉलेज के बाहर छोड़कर भागे

इंजीनियरिंग की छात्रा का किडनैप करके गैंगरेप की कोशिश की गई। उसे नशीली कोल्ड ड्रिंक और शराब पिलाई। इसके बाद वह बेहोश हो गई। आरोपियों ने उसके साथ गैंगरेप की कोशिश भी की। मामला अजमेर के आदर्श नगर इलाके का है। अजमेर दक्षिण सीओ ओमप्रकाश ने बताया कि 16 साल की पीड़ित छात्रा की मां ने 22 सितंबर को आदर्श नगर थाने में रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में बताया कि 20 सितंबर को उसकी बेटी को कुछ लोग बहला-फुसलाकर ले गए, उसके साथ गैंगरेप की कोशिश की। नाबालिग बेटी अजमेर के एक कॉलेज के हॉस्टल में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही है। अगस्त 2025 में एडमिशन के बाद से रैगिंग कर उसे परेशान किया जा रहा था। इसको लेकर छात्रा के पिता ने कॉलेज प्रशासन से भी शिकायत की थी। उसके बाद कॉलेज प्रशासन ने आरोपियों से छात्रा से माफी मंगवाकर मामला शांत करवा दिया था। नंबर काटने तक की धमकी दी
छात्रा की मां ने पुलिस को बताया कि रैगिंग की शिकायत के बाद कॉलेज फैकल्टी की ओर से तरह-तरह के कमेंट किए गए। कॉलेज के सीनियर्स का व्यवहार भी ठीक नहीं है। उनकी ओर से बेटी को कहा गया कि कॉलेज के सीनियर्स की बॉस परंपरा को फॉलो नहीं करने वाले स्टूडेंट्स के नंबर काट लिए जाते हैं। मदद करने के नाम पर नजदीकियां बढ़ाईं
छात्रा की मां ने पुलिस को बताया कि परेशान होकर बेटी को जयपुर के एक कॉलेज में एडमिशन के लिए लेकर गए। यहां एडमिशन लेने आए अजमेर के एक युवक से मुलाकात हुई। युवक ने अजमेर के कॉलेज टीचर्स और सीनियर से अच्छी जानकारी होने की बात कही थी। इस दौरान बेटी से उसने मोबाइल नंबर भी ले लिए। इसके बाद उससे सोशल मीडिया पर संपर्क किया। आरोप है कि सितंबर 2025 में युवक ने बेटी को झांसे में लेकर उसके कॉलेज के टीचर और सीनियर से बातचीत करने का झांसा दिया। रैगिंग से बचाने के लिए मदद की बात कहकर कॉलेज से बाहर बुलाया और अपनी गाड़ी में बैठा लिया। उसके साथ में एक व्यक्ति भी बैठा था। उसने अपने आप को दूसरी ब्रांच की फैकल्टी का बताया था। कुछ देर तक घूमने के बाद उसे कॉलेज के बाहर छोड़ दिया और दूसरे दिन वापस कॉलेज के बाहर बुलाया। जब वह बाहर पहुंची तो युवक के साथ अन्य दो व्यक्ति मौजूद थे। इसमें से एक ने अपने आप को लेक्चरर बताया था। बाद में युवक के द्वारा उसे गाड़ी में बैठने के लिए कहा तो बेटी ने उसे मना कर दिया था। लेकिन आरोपियों के द्वारा उसे उसके सीनियर गर्ल से बात करवाने की कहकर अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गए। रेप की कोशिश, तबीयत बिगड़ने पर छोड़ा
मां ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने एक होटल के बाहर गाड़ी को रोक लिया। उसे नशीली कोल्ड ड्रिंक और शराब भी पिलाई गई। उसे चक्कर आने लग गए। तेज गाड़ी चलाने से बेटी के सिर में भी चोट लग गई थी। छात्रा की मां ने बताया कि बेटी के साथ रेप करने की कोशिश की गई, जिसका बेटी ने विरोध किया। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर बेटी को कॉलेज के बाहर छोड़ दिया। इसके साथ ही बेटी को घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपी ने बेटी के फोन से ही उसकी रूममेट को फोन कर तबीयत बिगड़ने की जानकारी दी। रूममेट 2 मिनट में ही वहां पहुंच गई और बेटी को हॉस्पिटल ले गई। साथ ही उसने परिवार को घटना की सूचना दी। मां ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
मां ने बताया कि वह पति के साथ अजमेर पहुंची तो बेटी अचेत मिली थी, वह घबराई हुई थी। उसे पुलिस थाने लेकर गए, लेकिन उसने डर की वजह से किसी को कुछ नहीं बताया। इसके चलते उसे समय घटना की पुलिस को शिकायत नहीं दी। वे अपनी बेटी को लेकर जयपुर आ गए। कुछ दिन बाद बेटी ने अपने साथ हुई घटना के बारे में हमें बताया। इसके बाद अजमेर पहुंचे और आदर्श नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मां ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। आदर्श नगर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *