भास्कर न्यूज | सिमडेगा उपायुक्त कंचन सिंह के निर्देशानुसार आगामी त्योहारों में आमजन की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चन्द्र गुग्गी द्वारा जिला मुख्यालय के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट और सड़क किनारे संचालित स्ट्रीट वेंडरों के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों में फ्राइंग ऑयल मशीन से तेल की गुणवत्ता का टी पी सी टेस्ट किया गया। इसके साथ ही दूध एवं दूध उत्पाद जैसे पनीर, दही, खोवा आदि की भी जांच की गई, जो प्रथम दृष्टया सही पाई गई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने संचालकों को निर्देश दिया कि वे अपने प्रतिष्ठानों के बाहर ढक्कनयुक्त कूड़ेदान अवश्य रखें, ताकि स्वच्छता बनी रहे। त्योहारों में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई व्यापारी मुनाफाखोरी के लालच में मिलावटी या स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य पदार्थ बेचता है, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया गया कि जिनके पास खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण नहीं है, वे तुरंत इसे बनवा लें।


