चतरा | जिले में किसानों को कम पानी में अधिक फसल उत्पादन के लिए केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पर ड्रॉप मोर क्रॉप) अर्थात् पीडीएमसी योजना का लाभ मिलेगा। कृषि विभाग की ओर से इस योजना के तहत चतरा में लगभग 720 हैक्टेयर भूमि पर सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली विकसित करने का लक्ष्य तय किया गया है। कृषि विभाग के अनुसार इस योजना का उद्देश्य किसानों को ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई जैसी आधुनिक तकनीकों से जोड़ना है, जिससे पानी की बचत के साथ-साथ फसल उत्पादन भी बढ़ सके। छोटे एवं सीमांत किसानों को अधिक सब्सिडी दी जाएगी, ताकि वे इस योजना का लाभ उठाकर नकदी फसलों और बागवानी की खेती कर सकें। आत्मा उपनिदेशक राजेश कुमार ने बताया कि योजना से न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी बल्कि जिले में कम पानी वाले क्षेत्रों में भी टिकाऊ खेती संभव हो पाएगी। आवेदन की प्रक्रिया विभागीय कार्यालय और राज्य सरकार के पोर्टल के माध्यम से की जा सकती है।


