कोडरमा| सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ लि, कोडरमा द्वारा प्राइमरी कृषि क्रेडिट सोसाइटी के सशक्तीकरण को लेकर बुधवार को बिरसा सांस्कृति भवन में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त रवि जैन ने की। कार्यक्रम की शुरुआत जिला सहकारिता पदाधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का पौधा देकर स्वागत से हुई। मौके पर मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त ने एमपीसीएस के प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक सदस्य बनाने और सिद्धकोफेड की योजनाओं को प्रभावी रूप से कार्यान्वित करने का आग्रह किया। जिला सहकारिता पदाधिकारी-सह सचिव ने बताया कि अब तक जिले के कुल 111 एमपीसीएस में से 40 एमपीसीएस सिद्धकोफेड की सदस्यता प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने शत प्रतिशत एमपीसीएस को सिद्धकोफेड से सम्बद्ध होने का आह्वान किया। साथ ही, जिले में कृषि एवं लघु वनोपज के संग्रहण और विपणन कार्य के लिए एमपीसीएस से प्रस्ताव समर्पित करने की भी अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान पीएमयू सेल रांची के प्रतिनिधियों ने पीपीटी के माध्यम से राज्य एवं जिले में सिद्धकोफेड के गठन, उद्देश्यों, निदेशक परिषद के आकार, योजनाओं और उपलब्धियों पर विस्तृत जानकारी दी। वन प्रभाग पदाधिकारी-सह प्रबंध निदेशक ने एमपीसीएस को अपने क्षेत्र में वनोपज के संग्रहण एवं विपणन का प्रस्ताव जिला सहकारी संघ को समर्पित करने हेतु निर्देशित किया, ताकि राज्य सिद्धकोफेड के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। कार्यशाला में विभिन्न प्रखंडों से एमपीसीएस के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनिधियों के साथ-साथ सहकारिता प्रसार पदाधिकारी भी उपस्थित थे। इसके अलावा, महिलाओं ने मडुआ, कोदो, साठी चावल, राजमा, मूँग, चना आदि कृषि उत्पादों का प्रदर्शन कर कार्यक्रम को और समृद्ध बनाया।


