महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों की सुविधा पर विशेष ध्यान दे पूजा समितियां : एसडीपीओ

कोडरमा| आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांति और आपसी भाईचारे के माहौल में मनाने को लेकर बुधवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह ने की। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार रवि, थाना प्रभारी विकास कुमार, जनप्रतिनिधि और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग मौजूद रहे।बैठक में एसडीपीओ ने कहा कि सभी पूजा समितियां जिला स्तर पर दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने विशेष रूप से अफवाह फैलाने या असामाजिक तत्वों द्वारा किसी भी तरह की गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत जिला प्रशासन को सूचना देने को कहा। एसडीपीओ ने बताया कि प्रत्येक पूजा पंडाल में आईडी कार्डधारी वालंटियर की तैनाती, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र और श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए अलग रास्तों की व्यवस्था अनिवार्य होगी। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के लिए सादी वर्दी में पुलिस बल भी तैनात रहेगा। पूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वहीं, शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंडालों में वरीय पुलिस अधिकारियों के नंबर जारी किए जाएंगे। एसडीपीओ ने बताया कि 3 अक्टूबर को होने वाले मूर्ति विसर्जन के दिन भी पुलिस की विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। उन्होंने सभी लोगों से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।बैठक में थाना क्षेत्र की सभी आठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ जिला परिषद सदस्य लक्ष्मण यादव, महेंद्र यादव, अजय पांडे, सचिन कुमार, मोहम्मद इलियास, मोहम्मद अली, वीरेंद्र सिंह, मोहम्मद मुबारक, राजेश सिंह, भगवान दास, चंद्रदेव यादव, काशी पंडित सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *