कोडरमा| उपायुक्त के निर्देशानुसार राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन 17 सितंबर से 15 अक्टूबर 2025 तक जिले भर में किया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन को सही पोषण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में “अभिभावक-आंगनबाड़ी सेविका बैठक” तथा “शिक्षा मेला” का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में पोषण माह की आठ प्रमुख थीमों पर विशेष बल दिया गया। इनमें मोटापा कम करना, नमक और चीनी का सीमित सेवन, प्रारंभिक बाल्यावस्था एवं शिक्षा — पोषण भी, पढ़ाई भी, बच्चों की वृद्धि की निगरानी, छोटे बच्चों को खिलाने के सही तरीके, पोषण में पुरुषों की भागीदारी, स्थानीय खाद्य पदार्थों का सेवन और समुदाय में सामूहिक जागरूकता बढ़ाना शामिल है।इस अवसर पर सेविकाओं एवं सहायिकाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और लोगों को पोषण से जुड़ी आवश्यक जानकारियां प्रदान कीं। कार्यक्रमों का उद्देश्य संतुलित आहार, स्वास्थ्य और शिक्षा के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समुदाय के समग्र विकास को गति देना है।


