लुधियाना| रनिया गांव के इलाके में सड़क हादसे में 19 साल के युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान विकास यादव के रूप में हुई है, जो फैक्ट्री में मेहनत-मजदूरी करता था। जानकारी के अनुसार, विकास सोमवार शाम काम से घर लौट रहा था। जैसे ही वह डेल्टा सिटी के पास पहुंचा, एक अज्ञात वाहन चालक ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि विकास की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि विकास उत्तरप्रदेश का रहने वाला था और लुधियाना में रहकर मजदूरी करता था। विकास के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी जरनैल सिंह ने बताया कि शव परिजनों को सौंपने के बाद वे लोग उसे अंतिम संस्कार के लिए मृतक की जन्मभूमि उत्तर प्रदेश ले गए। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।


