लुधियाना| डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने गर्भवती महिलाओं की मृत्यु दर को शून्य करने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सहायक कमिश्नर (यूटी) डॉ. प्रगति रानी और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। बैठक गर्भवती महिलाओं की मृत्यु के कारणों की पहचान करने और महिलाओं के जीवन की रक्षा हेतु मजबूत रोकथाम संबंधी रणनीतियों को लागू करने पर केंद्रित थी। डीसी ने मातृ मृत्यु दर को शून्य करने के लिए गर्भवती महिलाओं की उचित देखभाल करने के निर्देश दिए। महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य और प्रशासनिक विभागों की संयुक्त टीमों को गैर-कानूनी तरीके से मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (एमटीपी) किट बेचने वाले केमिस्टों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सिविल अस्पताल में अचानक निरीक्षण करने के निर्देश दिए ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि गर्भवती महिलाओं को सही मार्गदर्शन और देखभाल मिल रही है।


