भास्कर न्यूज | लुधियाना रानी झांसी एंक्लेव में 22 सितंबर की देर रात पूर्व शराब कारोबारी कपिल पाहवा के 22 साल के बेटे मानव पाहवा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में परिजनों के बयान पर थाना डिवीजन-8 की पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया है। दरअसल, मरने से पहले मानव ने अपने चाचा रिंकू पाहवा से बात की, उसके बाद सुसाइड नोट लिखकर आत्महत्या कर ली। मृतक के चाचा रिंकू पाहवा ने बताया कि मानव ने रात 11:30 बजे के करीब उन्हें फोन किया। उसने बताया कि वारदात की शाम वो अकेला ही माल रोड पर स्थित छाबड़ा ग्रुप के शराब के ठेके पर गया। वहां बियर ली और ऑनलाइन पेमेंट करके अपने वाहन के पास आकर बियर पीने जा ही रहा था कि पीछे से ठेका कर्मचारी आया। उसने कॉलर पकड़ा और कहा कि बिना रुपए दिए कहा जा रहा है। ऑनलाइन पेमेंट की बात कहने के बाद भी उसने बहुत मारा। दरअसल तकनीकि कारण से पेमेंट नहीं हुई थी। उसके बाद कई बार ऑनलाइन पेमेंट की कोशिश की, लेकिन नहीं हुआ। फिर दोस्त को फोन कर ऑनलाइन पेमेंट देने के लिए कहा, फिर वो घर आया। रिंकू के अनुसार मानव ने कहा कि वो सुबह उनसे बदला लेने के लिए जाएगा। लेकिन, अगले दिन फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में ये लिखा: परिवार के अनुसार सुसाइड नोट में मानव ने लिखा मैं जा रहा हूँ। आज मुझे काफी अपमान झेलना पड़ा है। बिना मेरी बात सुने मेरे साथ मारपीट की गई। मेरे मरने के बाद उक्त व्यक्ति को सजा जरूर दिलवाना, ताकि मेरी आत्मा को शांति मिल सके। एडीसीपी कंवलदीप सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट में किसी का नाम नहीं लिखा। इसलिए अज्ञात पर केस दर्ज किया है। जांच जारी है।


