चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने की पेन डाउन हड़ताल, टैक्स ऑडिट तिथि 30 सितंबर को बढ़ाने की मांग की

भास्कर न्यूज |लुधियाना टैक्स ऑडिट रिपोर्ट की अंतिम तिथि को बढ़ाने की मांग को लेकर चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (सीए) ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। डिस्ट्रिक्ट टैक्सेशन बार एसोसिएशन, डायरेक्ट टैक्सेज, इनडायरेक्ट टैक्स कंसल्टेंट्स एसोसिएशन और फेडरेशन ऑफ चार्टर्ड अकाउंट्स एसोसिएशन के सदस्यों ने आयकर कार्यालय, ऋषि नगर के बाहर केंद्र सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया। संगठनों का कहना था कि सरकार ने टैक्स ऑडिट रिपोर्ट जमा करने की तिथि 30 सितंबर को बढ़ाने से इंकार कर दिया, जबकि सीए और उनके स्टाफ को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व सीए विशाल गर्ग, सीए दीपक जैन, सीए सुमीर गुप्ता और अन्य वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने किया। संगठनों ने सरकार से अपील की थी कि आयकर और ऑडिट फॉर्म्स समय पर जारी नहीं हुए, जिससे तैयारियों के लिए बहुत कम समय मिला। साथ ही, व्यक्तिगत आईटीआर दाखिल करने की अंतिम तिथि को भी बढ़ाया गया था, जिससे सीए को टैक्स ऑडिट के लिए समय नहीं मिल पाया। आयकर पोर्टल की तकनीकी समस्याएं भी इस मुश्किल का कारण बनीं, जिसमें बार-बार लॉगिन फेल होने, ओटीपी की देरी, पैन त्रुटियों और अन्य तकनीकी गड़बड़ियों के कारण काम में रुकावटें आईं। सीए विशाल गर्ग ने बताया कि 2015 में पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने निर्देश दिया था कि आयकर फॉर्म्स 31 मार्च तक जारी किए जाएं, लेकिन सीबीडीटी आदेश का पालन नहीं कर रहा है। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने यह निर्णय लिया है कि 25 सितंबर की मध्यरात्रि तक या जब तक सरकार टैक्स ऑडिट रिपोर्ट की तिथि नहीं बढ़ाती, वे कोई भी रिपोर्ट अपलोड नहीं करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *