लुधियाना| सिद्ध पीठ महाबली संकटमोचन श्री हनुमान मंदिर, जोशी नगर शंकराचार्य नगर (हैबोवाल कलां) में 1288वां हवन यज्ञ, संध्या चौकी और मां ब्रह्मचारिणी व मां चंद्रघंटा का पूजन भक्ति भाव से हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंदिर प्रधान अमन जैन, चेयरमैन ऋषि जैन और उपप्रधान अनुज मदान ने की। हवन में सौभाग्यशाली परिवारों व भक्तों ने मंगल कामनाओं के साथ आहुतियां डालीं। इसका संचालन आचार्य पंडित विष्णु, पंडित देवी दयाल, पंडित राम और अन्य विद्वान आचार्यों ने विधिविधान से किया। संध्या चौकी में भजन गायक सौरव शर्मा एंड पार्टी ने भक्ति गीतों से श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। अवसर पर मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर, पार्षद अमन बग्गा और वरिष्ठ नेता पवन दीवान विशेष रूप से मौजूद रहे। अनुज मदान ने बताया कि मां ब्रह्मचारिणी तप, त्याग और संयम का प्रतीक हैं, जबकि मां चंद्रघंटा शांति, पराक्रम और सुख-समृद्धि की प्रतीक हैं। इस दौरान ध्वज फहराया गया, पवित्र जल का छिड़काव हुआ और श्री हनुमान चालीसा के पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।


