सूखा धान लाएं किसान, कंबाइनों से कटाई शाम 6 बजे से पहले करें

भास्कर न्यूज | जालंधर डीसी डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने जिले की मंडियों में चल रही धान की खरीद का जायजा लेते हुए अधिकारियों को मंडियों का दौरा करने के निर्देश दिए ताकि खरीद कार्य को निर्बाध और सुचारू ढंग से पूरा किया जा सके। जिला प्रशासकीय परिसर में जिला खाद्य एवं सिविल स्पलाई, जिला मंडी बोर्ड और कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने उचित खरीद सुनिश्चित करने के लिए एसडीएम, जिला मंडी बोर्ड और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार के तहत आने वाली मंडियों का नियमित तौर पर जायजा लेने के लिए कहा ताकि धान की बिक्री में किसी भी तरह की समस्या आने पर उसे तुरंत हल किया जा सके। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन द्वारा धान की उचित और निर्बाध खरीद सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी गई फसल की समय पर लिफ्टिंग और निर्धारित समय के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। मंडियों में किसानों, मजदूरों और अन्य लोगों के लिए पीने का साफ पानी, बैठने की उचित व्यवस्था, बिजली, छाया, शौचालय आदि जैसी सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। डिप्टी कमिश्नर ने किसानों से अपील की कि फसल में नमी के निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी तरह सूखा धान ही मंडियों में लाया जाए ताकि फसल की खरीद निर्बाध ढंग से हो सके। उन्होंने किसानों से यह भी अपील की कि धान की कटाई कंबाइनों से सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ही करवाई जाए और कटाई के समय कंबाइनों पर सुपर एसएमएस का उपयोग किया जाना चाहिए। डिप्टी कमिश्नर ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को धान की पराली जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक करने के साथ-साथ पराली के सुचारू प्रबंधन के लिए प्रोत्साहित किया जाए। इस अवसर पर एडीसी जनरल अमनिंदर कौर, डीएफएससी हरवीन कौर, जिला मंडी अधिकारी अरविंदर सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. जसविंदर सिंह मौजूद थे। जालंधर | करतारपुर की अनाज मंडी में बुधवार को धान की खरीद शुरू हो गई। यहां विधायक बलकार सिंह और डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल मौजूद रहे। डीसी ने कहा कि सरकार ने मंडियों में समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की है और खरीद सीजन के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष धान की खरीद पिछले वर्षों की तुलना में पहले शुरू हो गई है, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए अधिक दिन मिल सकें। उन्होंने कहा कि बाढ़ से उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद, पंजाब सरकार ने मंडियों में अच्छी व्यवस्था की है और फसल की लिफ्टिंग और भुगतान एक साथ सुनिश्चित किया जाएगा। यहां गांव पत्तड़ कलां के किसान संतोख सिंह ने खरीद पर संतुष्टि जाहिर की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *