कपिल कुमार | जालंधर अगर सब कुछ ठीक रहा, तो आगामी दिनों में शहर के चौकों की सूरत बदली हुई नजर आएगी। इसके लिए नगर निगम तेज़ी से कार्य कर रहा है। श्री गुरु अमरदास जी चौक और वीर बर्बरीक चौक का सौंदर्यीकरण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। ये दोनों चौक, श्री गुरु अमरदास जी और वीर बर्बरीक के जीवन की झलकियों पर आधारित थीम पर तैयार किए गए हैं। निगम शहर के सभी प्रमुख चौकों का सौंदर्यीकरण करवाने जा रहा है। इसके लिए विभिन्न एजेंसियों के साथ अनुबंध भी हो चुके हैं। शहर में नगर निगम के पास 460 से अधिक पार्क हैं, जिनमें से 300 से अधिक पार्कों की देखभाल का कार्य विभिन्न सोसाइटियों द्वारा किया जा रहा है। इसी प्रकार, सिटी में सेंट्रल वर्ज, ग्रीन बेल्ट और चौकों की देखरेख का जिम्मा भी एजेंसियों को सौंपा गया था। लेकिन बीते वर्षों में कुछ एजेंसियों का कार्य संतोषजनक नहीं रहा। इस पर नगर निगम ने उन एजेंसियों को नोटिस जारी किए और कई एजेंसियों के अनुबंध समाप्त कर दिए। इसके उपरांत नई एजेंसियों को सौंदर्यीकरण कार्य सौंपा गया। चयन से पूर्व एजेंसियों ने निगम के समक्ष अपने कार्य की प्रेजेंटेशन प्रस्तुत की, जिनकी प्रस्तुति बेहतर रही, उन्हें चौकों का कार्य सौंपा गया। श्री गुरु अमरदास जी और वीर बर्बरीक चौक का थीम आधारित सौंदर्यीकरण कार्य किया गया है, जो इन चौकों को एक नया और विशिष्ट लुक प्रदान करेगा। इसी प्रकार, श्री गुरुनानक मिशन चौक को पंजाबी भाषा को समर्पित स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। इस कार्य में तीन एजेंसियां लगी हुई हैं और आगामी 15 दिनों में कार्य पूरा कर लिया जाएगा। शहर के बीएमसी चौक, वर्कशॉप चौक, कपूरथला चौक, पटेल चौक समेत अन्य प्रमुख चौकों पर भी सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे। दोआबा चौक का सौंदर्यीकरण हरिवल्लभ संगीत सम्मेलन की थीम पर आधारित होगा। इसके लिए शीघ्र ही एजेंसी कार्य प्रारंभ करेगी। यहां पर सितार, तबला, संतूर और शहनाई की आकृतियां लगाई जाएंगी। इसी प्रकार, कंपनी बाग स्थित पार्क में वेस्ट मटेरियल (कचरे/स्क्रैप) से सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। यहां स्क्रैप से भारत का नक्शा बनाया जाएगा। गुरु अमरदास जी सिखों के तीसरे गुरु हैं। इनके नाम पर ही चौक का नाम है। वह दूसरे गुरु श्री अंगद देव जी के स्नान के लिए 12 साल तक रोजाना नदी से गागर (पीतल का घड़ा) भरकर लाते थे। गुरु साहिब की यह सेवा सिख इतिहास में उनके समर्पण और गुरु के प्रति निष्ठा के एक महान उदाहरण के रूप में याद किया जाता है। ^ शहर में श्री गुरु अमरदास जी और वीर बर्बरीक चौक का सौंदर्यीकरण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। नगर निगम जल्द ही इन चौकों का उद्घाटन कराएगा। — डॉ. मनदीप कौर, जॉइंट कमिश्नर, नगर निगम हरिवल्लभ संगीत सम्मेलन पर आधारित होगा दोआबा चौक का स्वरूप


