फूड सप्लाई विभाग की मनमर्जियां:डिपुओं पर गेहूं भेजने के लिए गेट पास तो काटे, मगर गेहूं नहीं भेजा

विक्की कुमार | अमृतसर फूड एंड सिविल सप्लाई विभाग की ओर से प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत बांटी जाने वाली गेहूं के काम में अभी भी कोई सुधार नहीं हुआ है। विभाग नियमों का पालन नहीं कर रहा है और अपनी मनमर्जियां करने में लगा हुआ है। विभाग की ओर से लोगों को गेहूं बांटे जाने के लिए 80 प्रतिशत से अधिक गेट पास काट दिए गए हैं मगर 50% लोगों को भी गेहूं अभी वितरित नहीं किया गया है। हालांकि गेहूं बांटने की लास्ट डेट 25 सितंबर है और इसके बाद गेहूं वितरित नहीं किया जाएगा, लेकिन इसके बावजूद भी विभाग गेहूं बांटने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। विभाग का यह काम कोई पहली बार नहीं हो रहा है। हर बार ही इसी तरह से गेट पास काट दिए जाते हैं और बाद में धीरे-धीरे लोगों को गेहूं वितरित किया जाता है। विभाग की ओर से इन दिनों प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत गेहूं वितरित की जा रही है। अभी तक तहसीलपुरा, मोहकमपुरा, सुल्तानविंड रोड, कोट खालसा, तरनतारन रोड, पुतलीघर, इस्लामाबाद, आजाद नगर, मकबूलपुरा, कटरा सफेद, हाथीगेट, अंदरुन गेट हकीमां के अलावा शहर के करीब 30-35 इलाके ऐसे हैं जहां गेहूं पहुंचा ही नहीं है। हालांकि विभाग की तरफ से गेट पास काट दिए गए हैं। कई इलाके तो ऐसे हैं, जहां लोगों की पर्ची काटे हुए एक महीने से भी अधिक का समय हो गया है, लेकिन गेहूं नहीं पहुंचा है।विभाग की ओर से सरकारी गेहूं बांटने से पहले पर्ची काटने का कोई भी नियम नहीं है लेकिन विभाग के अधिकारी डिपो होल्डरों को ऐसा करने के लिए मजबूर कर रहे है। कई बार डिपो होल्डर इसका विरोध कर चुके हैं, लेकिन कई अधिकारी उन्हें ऐसा करने के लिए ही कहते आए हैं। बात करें तो उक्त इलाकों के अलावा ज्यादातर डिपो होल्डरों ने गेहूं बांटने से पहले लोगों की पर्चियां काटी हैं। इससे विभाग की कारगुजारी पर सीधे तौर पर सवाल खड़े होते हैं। हैरानीजनक है कि विभाग इसके बावजूद भी कोई कार्रवाई क्यों नहीं करता है। वहीं विभाग के कुछेक अधिकारियों से डिपो होल्डर खूब परेशान हैं। उसकी कई बार विभाग के अधिकारियों के पास शिकायतें भी पहुंच चुकी हैं, लेकिन विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ उसकी सांठगांठ होने के कारण उस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। विभाग के अधिकारी सरकार के अक्स को खराब करने में कोई कमी नहीं छोड़ रहे हैं। डिस्ट्रिक फूड सप्लाई कंट्रोलर अमनजीत सिंह संधू से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उनके ध्यान में यह मामला नहीं है। वह क्रॉस चेक करवाता हूं और पता करवाता हूं कि कहां पर गेहूं नहीं पहुंचा है। जहां नहीं गया है, वहां तुरंत गेहूं भिजवाया जाएगा। लोगों को किसी तरह से परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्हें गेहूं अवश्य मिलेगा। फेयर प्राइज शॉप्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान संजीव शर्मा लाडी ने कहा कि विभाग को गेहूं जल्द से जल्द बांटना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर के कई इलाकों में गेहूं नहीं पहुंचा है, उस संबंधी शिकायतें उन्हें भी कई डिपो होल्डरों से मिली हैं। उन्होंने कहा कि विभाग ने अंतिम तारीख 25 सितंबर रख दी है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक कई इलाकों में गेहूं नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग के उच्चाधिकारियों को इस पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंेने चेतावनी भी दी है कि अगर विभाग इस मामले में कोई ध्यान नहीं देता है तो आने वाले दिनों में यूनियन रोष प्रदर्शन करने को मजबूर होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *