जालंधर| राउंड ग्लास हॉकी अकादमी, सुरजीत हॉकी अकादमी जालंधर, साई सोनीपत और नवल टाटा हॉकी अकादमी जमशेदपुर की टीमें पंजाब हॉकी लीग 2025 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुकी हैं। हॉकी पंजाब और राउंड ग्लास स्पोर्ट्स द्वारा सुरजीत हॉकी स्टेडियम में आयोजित लीग के लीग राउंड के आखिरी चार मैच बुधवार को खेले गए। वहीं लीग के सेमीफाइनल शुक्रवार 26 सितंबर को खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल साई सोनीपत और सुरजीत हॉकी अकादमी के बीच दोपहर 1:00 बजे और दूसरा सेमीफाइनल राउंड ग्लास हॉकी अकादमी और नवल टाटा अकादमी जमशेदपुर के बीच दोपहर तीन बजे होगा। बुधवार को खेले गए पहले मैच में, नवल टाटा अकादमी जमशेदपुर ने एसडीएटी तमिलनाडु को 4-1 से हराया। विजेता टीम के लिए अनीस डुंग डुंग ने दो, टिंटस हैमरोम और अफरीदी ने एक-एक गोल किया। जबकि तमिलनाडु के लिए मणिमारन ने भी एक गोल किया। नवल टाटा के अनीस डुंग डुंग को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। दूसरे मैच में, राउंड ग्लास अकादमी ने गुम्हेरा अकादमी को 10-1 के बड़े अंतर से हराया। राउंड ग्लास के लिए इंद्रजीत सिंह ने तीन गोल कर हैट्रिक बनाई। उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। तीसरे मैच में, साई सोनीपत ने एसजीपीसी अकादमी को 2-0 के अंतर से हराया। साई के लिए मनु मलिक और नितन ने गोल किए। साई के अंकुश को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। चौथे मैच में, सुरजीत हॉकी अकादमी जालंधर ने नामधारी अकादमी को 6-1 के अंतर से हराया। सुरजीत अकादमी के लिए करण सिंह ने दो गोल किए, उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। मुकाबले के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. सरबजीत कौर प्रिंसिपल, ओलिंपियन सुखजीत सिंह, ओलिंपियन मनदीप सिंह, ओलिंपियन उदिता दुहन, लखविंदर पाल सिंह और सतनाम सिंह यूएसए ने टीमों का परिचय दिया। वहीं ओलिंपियन राजिंदर सिंह सीनियर, अशफाक उल्ला खान, ओलंपियन संजीव कुमार, बलबीर सिंह रंधावा, परमिंदर कौर कुलदीप सिंह, अवतार सिंह, गुरिंदर सिंह संघा, कुलवंत सिंह मौजूद रहे।


