भास्कर न्यूज | जालंधर फेस्टिवल सीजन को लेकर आबकारी विभाग की तरफ से सतलुज दरिया पर लाहन निकालने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है। सहायक कमिश्नर आबकारी जालंधर रेंज-2 नवजीत सिंह ने बताया कि जालंधर पश्चिम-ए सुनील गुप्ता की देख-रेख में अवैध शराब की रोकथाम के लिए आबकारी विभाग की एक टीम, जिसमें आबकारी निरीक्षक नूरमहल सरवन सिंह, आबकारी निरीक्षक नकोदर साहिल रंगा शामिल थे। आबकारी पुलिस के साथ मिलकर बुधवार को सतलुज दरिया के किनारे बसे गांवों बुर्ज, गदरे, धगारा, संगोवाल, भोड़े, वेहरान, केमवाला और धर्मे दिया छन्नां में तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी अभियान के दौरान 11 प्लास्टिक तिरपाल (प्रत्येक 500 लीटर) जिनमें लगभग 5500 लीटर लाहन, 3 चालू भट्टियां, 6 लोहे के ड्रम जिनमें लगभग 480 लीटर लाहन, 2 खाली लोहे के ड्रम, 1 चांदी का बर्तन जिसमें लगभग 36 बोतल अवैध शराब, 3 रबड़ ट्यूब जिनमें लगभग 250 बोतल अवैध शराब, 4 प्लास्टिक की बोतलें और 1 प्लास्टिक कैन जिसमें लगभग 17 बोतल अवैध शराब और 4 बैग गुड़ जिनका वजन लगभग 160 किलोग्राम, लावारिस हालत में मिले। उन्होंने बताया कि इन्हें आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा, आबकारी विभाग की टीम ने क्षेत्रवासियों से किसी भी प्रकार की अवैध शराब का सेवन ना करने और इस संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी आबकारी विभाग के साथ साझा करने के लिए प्रेरित किया।


