नमो मैराथन में कलेक्टर, सीईओ सहित जनप्रतिनिधियों ने लगाई दौड़

भास्कर न्यूज | बालोद छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत बालोद जिला प्रशासन द्वारा बुधवार को आयोजित नमो मैराथन दौड़ में जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं आला अधिकारी- कर्मचारियों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों सहित समाज के सभी वर्ग के लोगों ने सहभागिता की। संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में सुबह 7:30 बजे शुरू हुई इस दौड़ में जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, जनपद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि राकेश यादव छोटू, वन मण्डलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल, जिपं के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकरा एवं नूतन कंवर, एडीशनल एसपी मोनिका ठाकुर एवं खेल प्रेमियों ने दौड़ लगाई। मैराथन के विजेता प्रतिभागियों को 25 सितम्बर को झलमला में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रथम स्थान पर 5001 रुपये, द्वितीय पर 3001 तथा तृतीय स्थान पर 2001 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत पहल की गई मैराथन कलेक्टोरेट परिसर सिवनी से शुरू हुई। प्रतिभागियों की सुविधा हेतु विभिन्न आयु वर्ग बनाए गए। इसमें 18 वर्ष से कम आयु के बालक-बालिकाएं, 18 वर्ष से अधिक आयु के महिला-पुरुष, 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग तथा अधिकारी-कर्मचारी वर्ग शामिल थे। इस अवसर पर कलेक्टर मिश्रा ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशापान से दूर रहने और नशामुक्त जीवन शैली अपनाने के साथ ही साथ दूसरों को भी प्रोत्साहित करने की शपथ दिलाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *