बांसवाड़ा, झालावाड़ के आंशिक हिस्सों को छोड़ दें तो पूरे राजस्थान से मानसून की विदाई हो गई है। राज्य में आज (गुरुवार) और कल (शुक्रवार) बारिश का दौर थमेगा। 27 सितंबर से एक नया सिस्टम बंगाल की खाड़ी से आएगा, जिसके प्रभाव से प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी जिलों में बारिश का दौर शुरू होगा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, कल भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, उदयपुर से भी मानसून लौट गया। झालावाड़ और बांसवाड़ा के आंशिक हिस्सों से मानसून की विड्रॉल लाइन गुजर रही है। इधर, मानसून की विदाई के साथ ही प्रदेश में बारिश का दौर भी थम गया है। कल पूरे प्रदेश में मौसम ड्राय रहा। टोंक, भीलवाड़ा में दोपहर को कुछ जगह बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि शेष सभी जिलों में आसमान साफ रहा। मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राज्य में अगले दो दिन मौसम ड्राय रहने की प्रबल संभावना है। वर्तमान में म्यांमार से लगने वाले बंगाल की खाड़ी में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है। ये सिस्टम अगले 24 घंटों में तेज होकर लो-प्रेशर सिस्टम में तब्दील होगा। इससे 26 सितंबर के आसपास दक्षिणी ओडिशा व उत्तरी आंध्र प्रदेश तट पर और तेज होकर अवदाब (Depression) बनने की प्रबल संभावना है। इस सिस्टम का असर राजस्थान में 27 सितंबर की शाम से देखने को मिलेगा। पूर्वी, दक्षिणी-पूर्वी व दक्षिणी भागों मेघ गर्जन के साथ बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इस सिस्टम का असर 3 अक्टूबर तक रहने की संभावना है। तापमान में गिरावट, तेज धूप
इधर मौसम शुष्क रहने के साथ तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। कल प्रदेश के सभी शहरों में तापमान में मामूली गिरावट हुई। गंगानगर में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 38.2, जैसलमेर में 37, बीकानेर में 36.3, फलोदी में 35.6, बाड़मेर में 36.1, पिलानी में 37.7, कोटा में 35.1, चित्तौड़गढ़ में 34.4, जयपुर में 35.8, अलवर में 36.6, टोंक में 36.1, अजमेर में 33.6 और उदयपुर में 31.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। — राजस्थान में मानसून की यह खबर भी पढ़िए… राजस्थान में इस मानसून में 65 फीसदी ज्यादा बरसात:बारां में सबसे ज्यादा बारिश, 457 बांध फुल, 125 साल में दूसरा सबसे बड़ा सीजन राज्य इस बार मानसून की रिकॉर्ड बारिश हुई। 125 सालाें (साल 1901 से 2025 तक) में ये ऐसा सीजन है, जब दूसरी बार सबसे ज्यादा बरसात हुई। मौसम विशेषज्ञों ने बताया- इस बार राजस्थान में औसत से 65 फीसदी ज्यादा बरसात हुई है। पढ़ें पूरी खबर…


