स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ श्रमदान का आयोजन किया गया। इस मौके पर विधायक राजेंद्र भांबू, जिला कलेक्टर अरुण गर्ग, नगरपरिषद आयुक्त दलीप पुनिया सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के कार्मिक, स्काउट-गाइड संगठन के छात्र-छात्राएं और आमजन एक साथ जुटे। मुख्य रूप से पंचदेव स्थित बस स्टैंड पर सभी ने श्रमदान किया। सामूहिक प्रयास से दी स्वच्छता की सीख सुबह से ही पंचदेव बस स्टैंड परिसर में उत्साह का माहौल नजर आया। विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और स्काउट-गाइड झाड़ू, तसले और कचरा उठाने के साधनों के साथ पहुंचे। सभी ने एकजुट होकर बस स्टैंड के अंदर और आसपास फैली गंदगी और अन्य कचरे को साफ किया। सड़क के किनारों, दीवारों और नालियों की सफाई भी की गई। विधायक भांबू ने दिया संदेश विधायक राजेंद्र भांबू ने श्रमदान के दौरान कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन का उद्देश्य तभी सफल होगा, जब हर नागरिक इसमें अपनी जिम्मेदारी समझकर जुड़ेंगे। झुंझुनूं जिले की जनता इस दिशा में पहले से ही जागरूक है और यह श्रमदान उसी का प्रतीक है।” जिला कलेक्टर ने बताई जरूरत जिला कलेक्टर अरुण गर्ग ने कहा कि स्वच्छता अभियान का महत्व केवल एक दिन या कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा, “हमें प्रतिदिन अपने घर, मोहल्ले, संस्थान और कार्यस्थल पर स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। गंदगी से न केवल बीमारियां फैलती हैं, बल्कि पर्यावरण भी प्रभावित होता है। आज का यह श्रमदान सामूहिक जिम्मेदारी की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है।” नगरपरिषद आयुक्त ने की अपील नगरपरिषद आयुक्त दलीप पूनिया ने कहा कि नगरपरिषद की ओर से शहर की सफाई व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नई मशीनें और सफाई उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही कचरा संग्रहण और निस्तारण की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि घर का कचरा सड़क या खाली जगह पर न डालें, बल्कि निर्धारित डस्टबिन और संग्रहण वाहनों में ही दें। स्काउट-गाइड की सक्रिय भागीदारी कार्यक्रम में स्काउट-गाइड संगठन के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने न केवल सफाई में भाग लिया, बल्कि नारे और पोस्टर के माध्यम से लोगों को स्वच्छता का संदेश भी दिया। “स्वच्छता अपनाओ, बीमारियों को दूर भगाओ”, “स्वच्छ शहर, स्वस्थ जीवन” जैसे नारे पूरे बस स्टैंड क्षेत्र में गूंजते रहे।


