लुधियाना जिले के जगराओं में शादी समारोह के दौरान फायरिंग का मामला सामने आया है। लगातार गोलियों की आवाज से पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। एक ग्रामीण ने घटना की सूचना थाना सदर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। घटना की गंभीरता के बावजूद पुलिस प्रशासन में समन्वय की कमी दिखी। थाना सदर इंचार्ज सुरजीत सिंह से जब सुबह इस घटना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने जानकारी से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि वे उस समय हाईकोर्ट में थे। शादी समारोह के दौरान हवाई फायरिंग जगराओं के गांव गालिब कलां में 23 सितंबर को सुखविंदर सिंह कूचा की शादी थी। बुधवार (24सितंबर) रात को सुखविंदर सिंह कूचा ने विवाह की पार्टी गांव की धर्मशाला में रखी। इस दौरान जब पार्टी चल रही थी, तभी कुछ युवकों ने हथियार निकालकर हवाई फायरिंग करनी शुरू कर दी। गोलियां धर्मशाला के शैड को भेदती हुई निकल गई। हालांकि इस दौरान किसी शख्स को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। लेकिन अचानक गोलियों की आवाज से पार्टी में मौजूद लोग सहम गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुछ युवकों को हिरासत में लिया। फिलहाल अभी किसी पर केस दर्ज नहीं किया गया है।


