रैगर समाज की महिलाओं का पहला सम्मेलन:28 सितंबर को जयपुर में, प्रतिभाओं का सम्मान भी

जयपुर में अखिल भारतीय रैगर महासभा, महिला प्रकोष्ठ, राजस्थान की ओर से 28 सितंबर, रविवार को रैगर समाज की महिलाओं का पहला सम्मेलन और प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम दुर्गापुरा स्थित राज्य कृषि प्रबंध संस्थान (सियाम) सभागार में होगा। महासभा की प्रदेश अध्यक्ष (महिला) और कार्यक्रम संयोजक तारा बेनीवाल ने बताया कि इस सम्मेलन में देशभर से रैगर समाज की महिलाएं भाग लेंगी। इसमें समाज और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका, संगठन की भावना, सामाजिक-आर्थिक-सांस्कृतिक और राजनीतिक क्षेत्रों में उनकी सक्रिय भागीदारी पर चर्चा होगी। साथ ही, सामाजिक बुराइयों और कुरीतियों के उन्मूलन और पारिवारिक सुसंस्कारों के संवर्धन जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। दहेज मुक्त विवाह की परंपरा को बढ़ावा देने की पहल पर जोर अखिल भारतीय रैगर महासभा, महिला प्रकोष्ठ, राजस्थान इस सम्मेलन के जरिए दहेज मुक्त विवाह की परंपरा को बढ़ावा देने की पहल कर रही है। इस अवसर पर उन विवाहित जोड़ों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने बिना दहेज लिए शादी की है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को अपने पुत्र-पुत्री का विवाह बिना दहेज करने और इस परंपरा को समाज में आगे बढ़ाने का संकल्प भी दिलाया जाएगा। सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन शुक्रवार को रैगर समाज के छात्रावास में अखिल भारतीय रैगर महासभा के पदाधिकारियों द्वारा किया गया। प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इनमें बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाली छात्राएं, अखिल भारतीय एवं राज्य सेवा में चयनित युवा, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और आयोजन में सहयोग करने वाले दानदाता शामिल हैं। कार्यक्रम में प्रतिपक्ष के नेता टीकाराम जूली मुख्य अतिथि होंगे राजस्थान विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता टीकाराम जूली मुख्य अतिथि होंगे। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.एल. नवल (सेवानिवृत्त आईएएस) कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. एस.के. मोहनपुरिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। अति विशिष्ट अतिथियों में उत्तर-पश्चिम दिल्ली के सांसद योगेंद्र चांदोलिया, निवाई विधायक रामसहाय वर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री शकुंतला रावत और पूर्व विधायक गंगादेवी शामिल होंगी। आयोजन टीम में राष्ट्रीय महासचिव एवं संयोजक नीरज कुमार तोणगरिया, सह-संयोजक शकुंतला दयानंद सक्करवाल, डॉ. कविता खोरवाल और ललिता देवी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *