गैंगस्टर गोदारा-गोल्डी बोले- लॉरेंस देश का गद्दार:दावा- भाई को बचाने को अमेरिका का खबरी बना; फेम के लिए सलमान खान को मारने की बात

पंजाब और हरियाणा का सबसे कुख्यात लॉरेंस गैंग दो फाड़ हो चुका है। अब दोनों पक्ष एक दूसरे के विरोध में हैं। बात यहां तक आ गई है कि विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा ने लॉरेंस को अमेरिकी एजेंसियों का खबरी बताया है। रोहित और गोल्डी बराड़ की ओर से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल की गई है, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि लॉरेंस देश का सबसे बड़ा गद्दार है। वह अपने भाई अनमोल बिश्नोई को बचाने के लिए विदेशी एजेंसियों को देश की खुफिया जानकारी लीक कर रहा है। उसने यह भी आरोप लगाया कि लॉरेंस बाहर बैठे अन्य अपराधियों की गतिविधियों की मुखबिरी करता है। साथ ही सलमान खान के नाम पर फेम ले रहा है। हालांकि, दैनिक भास्कर इस पोस्ट की पुष्टि नहीं करता। रोहित-गोल्डी की कथित पोस्ट में क्या लिखा.. गैंगस्टरों की पोस्ट.. लॉरेंस से गोदारा व गोल्डी क्यों अलग हुए
किसी समय पर कनाडा से लॉरेंस का गैंग संभाल रहा गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा करीब 4 माह पहले लॉरेंस गैंग से अलग हो गए थे। लॉरेंस गैंग और पंजाब पुलिस से जुड़े सूत्रों ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया था कि ये अब 2 गैंग बन चुके हैं। जिनमें एक तरफ गुजरात की साबरमती जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस और उसका भाई अनमोल बिश्नोई हैं। वहीं, दूसरी तरह कनाडा में बैठा गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा हैं। यह विवाद तब शुरू हुआ, जब गोल्डी और गोदारा की रजामंदी के बिना लॉरेंस गैंग के गुर्गों द्वारा कनाडा और भारत में कई वारदातें की गईं। जिससे गोल्डी और गोदारा ने लॉरेंस से नाराज हो गए। इसमें सबसे प्रमुख आनंदपाल के परिवार के साथ बदसलूकी और राजस्थान के गैंगस्टर आनंदपाल की बेटी के साथ भी गलत व्यवहार किया गया था। जिसके बाद से ही दोनों के बीच काफी खटास आ गई थी। आनंदपाल रोहित गोदारा का काफी करीबी था। कौन है गैंगस्टर लॉरेंस
गैंगस्टर लॉरेंस मूल रूप से पंजाब के फाजिल्का जिले के दुतारावली गांव का रहने वाला है। लॉरेंस पर अब तक करीब 86 एफआईआर दर्ज हैं। साल 2016 में उसे नेपाल से गिरफ्तार किया गया था और तभी से वह जेल में है। इस समय वह गुजरात की साबरमती जेल में बंद है। लगभग 9 साल से जेल की सलाखों के पीछे रहते हुए भी देशभर में कई सनसनीखेज मामलों में उसका नाम सामने आया है। उसके खिलाफ दर्ज बड़े मामलों में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या, राजस्थान करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी का मर्डर और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या का केस शामिल है। इसके अलावा बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को भी वह लगातार धमकियां देता रहा है। सलमान खान को निशाना बनाने की उसकी वजह 1998 का काला हिरण शिकार मामला है, जिसमें बिश्नोई समाज आहत हुआ था। लॉरेंस का नाम सिर्फ अपराध की घटनाओं तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि उसने जेल में रहकर सोशल मीडिया के जरिए भी कई बार चर्चा बटोरी है। पुलिस और जांच एजेंसियां कई बार यह मान चुकी हैं कि उसके गैंग का नेटवर्क भारत से लेकर विदेशों तक फैला हुआ है। कौन है गैंगस्टर गोल्डी बराड़
गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का असली नाम सतविंदर सिंह गोल्डी है। वह पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब का रहने वाला है। उसका जन्म 1994 में हुआ था। गोल्डी के पिता शमशेर सिंह पंजाब पुलिस में एएसआई रहे हैं। गोल्डी बराड़ आज देशभर में अपराध के लिए जाना जाता है। गोल्डी बराड़ को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का अहम सदस्य माना जाता था। वह अब तक राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में 20 से ज्यादा हत्याएं करवा चुका है। साथ ही साथ गोल्डी पर हत्या, रंगदारी, हथियारों की तस्करी सहित अन्य 50 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। गोल्डी बराड़ स्टडी वीजा पर कनाडा गया था और वहीं की नागरिकता हासिल कर ली। इसके बाद उसने विदेश बैठकर अपराधी नेटवर्क खड़ा किया। वह पहले यूके, फिर थाईलैंड और फिलहाल कनाडा से गैंग को ऑपरेट कर रहा है। उसका नाम सबसे ज्यादा चर्चा में तब आया जब उसने 29 मई 2022 को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की मानसा में हत्या करवाई। इसके बाद से वह लगातार चर्चाओं और जांच एजेंसियों के निशाने पर बना हुआ है। उसने लॉरेंस गैंग के इशारे पर दर्जनों कारोबारियों से रंगदारी मांगी और कई जगहों पर फायरिंग भी करवाई थी। हालांकि अब वह लॉरेंस से अलग हो चुका है। गोल्डी के बढ़ते अपराधों को देखते हुए जून 2022 में उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया। वहीं जनवरी 2024 में भारत सरकार ने उसे आतंकवादी घोषित कर दिया और उस पर यूएपीए (UAPA) के तहत कार्रवाई की गई। कौन है राजस्थान का कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा
राजस्थान का नामी गैंगस्टर रोहित गोदारा का असली नाम रावताराम स्वामी है, जोकि राजस्थान के बीकानेर के लूणकरणसर का रहने वाला है। अपराध की दुनिया में उसका नाम कई सनसनीखेज हत्याओं से जुड़ा हुआ है। गोदारा को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या, राजस्थान में राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की घर में घुसकर हत्या और सीकर के गैंगस्टर राजू ठेहट मर्डर जैसे बड़े मामलों का मास्टरमाइंड माना जाता है। उस पर देशभर में 40 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। बढ़ते दबाव और पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए वह 13 जून 2022 को दिल्ली से फर्जी पासपोर्ट के जरिए दुबई भाग गया था। वर्तमान में उसकी लोकेशन पुर्तगाल और कनाडा में बताई जाती है। रोहित गोदारा फिलहाल गोल्डी बराड़ के साथ मिलकर अपना नेटवर्क चला रहा है और राजस्थान-पंजाब की संगठित अपराध की कड़ी में अहम कड़ी बना हुआ है। —————————–
हरियाणा-पंजाब, राजस्थान के 4 कुख्यात गैंगस्टर भारत लाए जाएंगे:शाह के निर्देश पर चंडीगढ़ पुलिस डोजियर बना रही; इनमें सिद्धू मूसेवाला का हत्यारा भी चंडीगढ़ में NDPS और हिंसक अपराधों में शामिल बड़े गैंगस्टर और अपराधी, जो विदेश में छिपकर बैठे हैं, उन्हें भारत वापस लाने की तैयारी की जा रही है। इनमें गैंगस्टर लॉरेंस का भाई अनमोल बिश्नोई, एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग का जिम्मेदार रोहित गोदारा, हरियाणा का रणदीप मलिक और पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल गोल्डी बराड़ जैसे गैंगस्टरों का नाम शामिल है। (पूरी खबर पढ़ें)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *