सीएमएचओ ने किया आबू रोड, पिंडवाड़ा अस्पतालों का निरीक्षण:लाडो योजना के भुगतान का आदेश, सफाई व दवा उपलब्धता के निर्देश दिए

सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने उपजिला अस्पताल आबू रोड और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पिंडवाड़ा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लाडो योजना के तहत भुगतान, सफाई व्यवस्था और दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान, डॉ. खराड़ी ने लाडो योजना के अंतर्गत प्रसूताओं को तुरंत भुगतान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन प्रसूताओं के बैंक खाते नहीं हैं, उनकी सूची अविलंब बीसीएमओ को भेजकर विवरण मंगवाया जाए और भुगतान सुनिश्चित किया जाए। अस्पताल में सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए डॉ. रवींद्र को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। चेतन कुमार और सुशीला बाई को उनके अधीन पूरे अस्पताल की सफाई का दायित्व सौंपा गया है, जो सभी सफाईकर्मियों से नियमित रूप से काम करवाएंगे। सीएमएचओ ने पीएमओ डॉ. परमानंद गुप्ता को मेडिकल स्टोर और परमानेंट स्टोर में एक स्टाफ नियुक्त करने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों को समय पर सभी दवाइयां मिल सकें। उन्होंने पुरानी बेडशीट की जगह नई बेडशीट तुरंत बदलवाने और स्टाफ को मरीजों व प्रसूताओं को घर जैसा माहौल देने के निर्देश भी दिए। सीएचसी पिंडवाड़ा के निरीक्षण के दौरान, डॉ. खराड़ी ने सभी चिकित्सकों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल के समय बाहर की जांच या बाहर से दवाइयां लिखने की शिकायत मिली, तो अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सीएचसी पिंडवाड़ा के बाथरूम में सफाई सही नहीं पाए जाने पर तुरंत सफाई करवाई गई और रोजाना ऐसी ही सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। कलेवा योजना के तहत प्रसूताओं को नाश्ता और दोनों समय भोजन उपलब्ध कराने के लिए सीएचसी इंचार्ज डॉ. बनवारी लाल को निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान डॉ. एस.पी. शर्मा, डिप्टी सीएमएचओ, और बीसीएमओ पिंडवाड़ा डॉ. भूपेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे। इस दौरान स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान, सीएचसी पिंडवाड़ा का भी निरीक्षण किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *