ब्यावर में छुट्‌टी के दिन भी लगेंगे विशेष मध्यस्थता शिविर:कोर्ट परिसर में 27 से 30 सितंबर तक निपटाए जाएंगे लंबित मामले

राष्ट्रीय स्तर पर संचालित ‘मीडिएशन फॉर नेशन’ अभियान के तहत ब्यावर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने विशेष मध्यस्थता कैंपों का आयोजन किया है। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देश पर ये कैंप 27 से 30 सितंबर तक कोर्ट परिसरों में लगेंगे। इनका उद्देश्य उन लंबित मामलों का निस्तारण करना है, जो पहले चले पिछले अभियान में नहीं सुलझ पाए थे। ये विशेष कैंप प्रतिदिन सुबह 11 बजे से ब्यावर मुख्यालय सहित जैतारण, बर, मसूदा और बिजयनगर के न्यायालय परिसरों में संचालित होंगे। जिन पक्षकारों के मामले 24, 25 और 26 सितंबर को लंबित रह गए थे, वे इन निर्धारित तिथियों पर उपस्थित होकर मध्यस्थता के माध्यम से आपसी समझौते से अपने प्रकरणों का निस्तारण करा सकते हैं। मोटर दुर्घटना दावा (MACT) प्रकरणों में बीमा कंपनियां भी सक्रिय रूप से भाग लेंगी, जिससे मौके पर ही उचित मुआवजा राशि का निर्धारण संभव हो पाएगा। ब्यावर के अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संख्या 1, 2 व 3, तथा जैतारण के अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश ऐसे मामलों को मध्यस्थता केंद्र में भेजेंगे। इन मामलों में से आधे प्रकरण 29 सितंबर को और शेष आधे 30 सितंबर को निपटाए जाएंगे। किसी विशेष बीमा कंपनी से संबंधित मामलों को एक ही दिन सामूहिक रूप से सुना जाएगा। यह उल्लेखनीय है कि 27 से 30 सितंबर तक छुट्‌टी के दिनों में भी मध्यस्थता केंद्र खुले रहेंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पक्षकार अपने लंबित मामलों का निपटारा करवा सकें। ब्यावर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं। अपने लंबित मामलों को आपसी समझाइश और मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाकर ‘मीडिएशन फॉर नेशन’ अभियान को सफल बनाने में भागीदार बनें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *