भरतपुर जिले के रुदावल थाना इलाके के रहने वाले एक युवक के हथियारों के साथ वीडियो और फोटो सामने आए हैं। इसके बाद से पुलिस युवक की तलाश में लग गई है। पुलिस के अनुसार- युवक गांव छोड़कर गुजरात भाग चुका है। हालांकि लगातार उसकी तलाश जारी है। पुलिस कर रही तलाश रुदावल थाना अधिकारी रामरूप मीणा ने बताया कि पुलिस के पास भी एक युवक के हथियारों के साथ फोटो और वीडियो आये थे। युवक की पहचान भरत गुर्जर निवासी बरोदा गांव के रूप में हुई है। युवक की पहचान होने के बाद पुलिस ने युवक के घर दबिश भी दी, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। फिलहाल पुलिस युवक की लगातार तलाश कर रही है। उसके बाद ही हथियारों के बारे में पता लग सकेगा। अलग-अलग हथियारों के साथ बनाई थी रील भरत ने अपने सोशल मीडिया आईडी पर हथियारों के साथ कई वीडियो शेयर किए हैं। पुलिस के अनुसार- जो रील भरत ने सोशल मीडिया पर डाली है, उससे वह अपना टेरर बनाना चाहता है। रील शेयर करते हुए युवक ने लिखा है कि “मौत दे दी जाएगी मित्र” किसी रील में खुद को गुंडा बता रहा है। युवक ने कई रील जंगल में हथियारों के साथ बनाई हैं। भरत ने कुछ रील कमरे में भी बनाई हैं। एक रील में कई पिस्टल दिखाई दे रही हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


