राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग एवं सांसद लुंबाराम चौधरी ने शनिवार को जालोर क्लब में बजट घोषणा 2024-25 के तहत में शहर में बिछाई जाने वाली सीवरेज कार्य का शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिलान्यास पट्टिका का विधिवत अनावरण कर सीवरेज कार्य का शिलान्यास किया। मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि जालोर शहर में सीवरेज कार्य के लिए 147 करोड़ की डीपीआर बनाई गई है, जिसमें से प्रथम चरण में 25 करोड़ रुपए की लागत से सीवरेज मरम्मत व पुनरुत्थान के कार्य शुरू किए गए है। आगामी दिनों में जालोर की सभी कॉलोनी को इससे जोड़ा जाएगा। सीवरेज संबंधित सभी समस्याओं का समाधान होगा। इसके साथ खुली नालियों को फेरो कवर लगाकर ढकने का कार्य भी किया जाएगा। डीपीआर के अनुरूप सीवरेज के लिए शेष राशि भी आगामी दिनों में राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत की जाएगी। इस नवीन सीवरेज कार्य की स्वीकृति से जिला मुख्यालय पर सीवरेज की व्यवस्था में सुधार होगा। साथ ही सुंदेलाव तालाब में सीवरेज के बहाव को रोका जा सकेगा। 25 करोड़ की लागत से होने वाले सीवरेज कार्यों के साथ ही जाम सीवरेज लाइनों की सफाई के लिए आवश्यक संसाधनों, मशीनों को क्रय करने का कार्य भी किया जाएगा, जिससे इसका मेंटिनेंस नियमित समय पर हो सकें। अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों की होगी मरम्मत
मुख्य सचेतक ने कहा कि इस बार अतिवृष्टि से जालोर शहर की सड़कों को जो नुकसान पहुंचा है, उसकी मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। नगर परिषद जालोर द्वारा बरसात से टूटी हुई सड़कों की मरम्मत का कार्य इसी सप्ताह शुरू हो जाएगा। ढाई करोड़ की लागत से बनेगा पक्का बनेगा नाला
सुंदेलाव तालाब ओवरफ्लो रपट की ऊंचाई को ठीक करने और निचली कॉलोनियों में जल भराव की समस्या के निस्तारण के लिए ढाई करोड़ की लागत से पक्का नाला बनाकर पानी की निकासी का स्थायी समाधान किया जाएगा। जालोर शहर में 4 हजार नई एलईडी लाइट, भक्त प्रहलाद चौक व लाल चौक के बाहर हाईमास्क लाइट लगवाने का कार्य करवाया जाएगा। रेलवे ओवरब्रिज का नाम महाकवि पद्मनाम सेतु करने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे, नगर अध्यक्ष रवि सोलंकी, प्रकाश छाजेड़, दिनेश महावर, प्रेमाराम देवासी, महेश भट्ट, हरिश राणावत, ओम अग्रवाल, केशव व्यास, मुकेश राजपुरोहित, नाथू सिंह तीखी, गणपत सिंह राव, जयंतीलाल माली, दिलीप सोलंकी, चंद्रकांत, ओम सुंदेशा, चतराराम, गीता बारोट, सुशील सैन, लक्ष्मी कंवर व अंतिमा माथुर बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।


