पुरानी भिलाई में एक ट्रक ड्राइवर को अगवा कर पीटा गया और लूटपाट की गई। ट्रक मालिक हरप्रीत सिंह उर्फ विक्रम कुलदीप सिंह ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर ड्राइवर पर डीजल चोरी का आरोप लगाया। इसके बाद उन्होंने उसे जबरदस्ती अपनी कार में बैठाकर गोडाउन ले गए। वहां उसे बंधक बनाया और उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। साथ ही उसकी स्कूटी और मोबाइल भी छीन लिए। पुलिस ने जल्दी कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। ड्राइवर पर डीजल चोरी का आरोप लगाया
जामुल के रहने वाले रविंद्र यादव (40 साल) पिछले एक महीने से ट्रक मालिक विक्रम सिंह का ट्रक चला रहा था। 18 सितंबर को आसनसोल से चैनल लोड कर भिलाई लौटते समय सिमगा के पास ट्रक का डीजल खत्म हो गया। उसने अपने मालिक को फोन पर यह बात बताई। तब विक्रम सिंह, उसका मुंशी इरफान अहमद और मिस्त्री मंदीप सिंह थार गाड़ी में वहां पहुंचे। तीनों ने रविंद्र पर डीजल चोरी का आरोप लगाया और गाली-गलौज करते हुए उसे पीटना शुरू कर दिया। फिर जबरदस्ती उसे कार में बैठाकर सिमगा से हथखोज के एक गोडाउन में ले गए। गोडाउन में बंधक बनाकर बेल्ट से पिटाई
गोदाम में ट्रक मालिक हरप्रीत सिंह उर्फ विक्रम कुलदीप सिंह और उसके दो साथी इरफान अहमद (47 साल) और मंदीप सिंह (31 साल) ने मिलकर रविंद्र की जमकर पिटाई की। उन्होंने हाथ, मुक्के और बेल्ट से उसे मारा। साथ ही उसके आधार कार्ड, पैन कार्ड, लाइसेंस, कपड़े और मोबाइल भी छीन लिए। आरोपी यहीं नहीं रुके, उन्होंने रविंद्र से फोन कर घर से पैसे, जेवर और वाहन बुलवाने की धमकी दी। पत्नी को फोनकर बताई कहानी
मजबूरी में रविंद्र ने पत्नी को फोन किया। इस पर उसका साला संतु स्कूटी लेकर गोडाउन पहुंचा, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और स्कूटी छीन ली। यही नहीं, खाली कागज पर जबरन रविंद्र का अंगूठा भी लगवाया। जाते-जाते धमकी दी कि पुलिस में शिकायत की तो जान से खत्म कर देंगे। किसी तरह जान बचाकर भागा
काफी देर तक कमरे में बंद रहने के बाद, रविंद्र मौका पाकर भाग निकला। फिर 26 सितंबर को वह पुरानी भिलाई थाना पहुंचा और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित के पास से लूटा गया मोबाइल और स्कूटी भी बरामद किया और तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। तीनों आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
– हरप्रीत सिंह उर्फ विक्रम कुलदीप सिंह (41 वर्ष) निवासी बोरसी, कदमप्लाज़ा, मधुबन नगर, दुर्ग।
– इरफान अहमद (47 वर्ष) निवासी एलआईजी 293, हुडको, भिलाई नगर।
– मंदीप सिंह (31 वर्ष) निवासी शीतला पारा, हथखोज, दुर्ग।


