बीकानेर के डूंगर कॉलेज के सामने तीन वाहनों में आपसी टक्कर के चलते एक की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। टक्कर बोलेरो कैम्पर, बाइक और ऑटो रिक्शा के बीच हुई, जिसमें स्कूटी पर जा रहे व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद नेशनल हाइवे पर भारी भीड़ हो गई, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हटाया। मृतक का शव पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद रविवार को परिजनों को सौंपा जाएगा। जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना प्रभारी सुरेंद्र पचार ने बताया कि म्यूजियम सर्किल से सांगलपुरा की ओर जा रहा एक वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया। पलटता हुआ वो दूसरी दिशा में आ गया। जहां पहले से अपनी सही दिशा में जा रहे वाहनों से जा टकराया। इसमें बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस बाइक पर “नेक मोहम्मद” लिखा हुआ था, मृतक की फिलहाल पहचान की जा रही है। इस हादसे के वक्त मौके पर थानाधिकारी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी पहुंचे। रास्ता खुलवाने के साथ ही भीड़ को वहां से हटवाया गया। हालांकि तीन अन्य घायलों को राहगीरों ने ही पीबीएम अस्पताल पहुंचा दिया। जहां उन्हें भर्ती कर लिया गया है। फिलहाल घायलों के नाम भी सामने नहीं आए हैं।


