कोटा में रविवार रात को छोटे भाई को बदमाशों से बचाने गए युवक के पेट में चाकू घोंप दिया। कहासुनी के बाद बदमाश पीड़ित के छोटे भाई को लोहे के पाइप से पीट रहे थे। जब युवक बीच-बचाव करने पहुंचा तो बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के लोगों ने घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन करके उसके पेट से चाकू निकाला। डॉक्टरों के मुताबिक, युवक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। मामला उद्योग नगर थाना क्षेत्र का है। उद्योग नगर थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि छोटी-मोटी कहा सुनी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। बदमाशों ने दीपक के चाकू मारे थे। आरोपियों को डिटेन कर लिया गया है जांच की जा रही है। छोटे भाई शुभम को मार रहे थे बदमाश
घटना के चश्मदीद और घायल के मौसी के बेटे रवि ने बताया, “हम बीती रात जागरण से वापस आ रहे थे। मैं और दीपक थोड़ा आगे चल रहे थे, जबकि शुभम थोड़ा पीछे था। तभी प्रेमनगर कॉलोनी के रहने वाले 5 से 6 बदमाशों ने शुभम पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया।” दीपक के पेट में चाकू घोंप दिया
रवि ने आगे बताया- जब मैं और दीपक उसे बचाने गए तो आरोपियों ने हमारे साथ भी मारपीट की और दीपक के पेट में चाकू घोंप दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हम तुरंत दीपक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसके पेट से चाकू निकाला। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों ने मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। दरअसल, दोनों भाई दीपक और शुभम पहले प्रेम नगर रहते थे। यहीं पर रहने वाले कुछ युवकों से कुछ समय पहले झगड़ा हो गया था। इसके बाद वह कोटा के कैथुन कस्बे के खेड़ा रामपुर गांव चले गए थे। रविवार को माता के जागरण में आए थे। तब इलाके में ही रहने वाले कुछ बदमाशों ने इन पर दोबारा हमला किया। पहले छोटे भाई शुभम के साथ मारपीट की बीच बचाव में बड़े भाई दीपक के पेट में चाकू मार दिया।


