पन्ना के युवा आयुष तिवारी ने राष्ट्रीय युवा उत्सव में रजत पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। भारतीय विश्वविद्यालयीन संघ द्वारा आयोजित 38वें विश्वविद्यालयीन युवा उत्सव वर्ष 2025 की रंगमंच की स्किट विधा में यह उपलब्धि हासिल करने पर कलेक्टर सुरेश कुमार ने सोमवार 29 सितंबर को उन्हें सम्मानित किया। सम्मान समारोह कलेक्टर कक्ष में आयोजित किया गया। आयुष तिवारी केन्द्रीय विद्यालय पन्ना के पूर्व छात्र हैं। वर्तमान में वे विश्वभारती केन्द्रीय विश्वविद्यालय, शांति निकेतन (पश्चिम बंगाल) में बीपीए ड्रामा एंड थिएटर आर्ट्स के तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थी हैं। उन्होंने बताया कि युवा उत्सव की जोनल प्रतियोगिता सिस्टर निवेदिता विश्वविद्यालय, कोलकाता में हुई थी, जबकि राष्ट्रीय प्रतियोगिता एमिटी विश्वविद्यालय नोएडा, उत्तर प्रदेश में संपन्न हुई। इस अवसर पर कलेक्टर सुरेश कुमार ने कहा कि पन्ना जिले में सांस्कृतिक गतिविधियों, कलाकारों और प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने आयुष के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। आयुष ने बताया कि शांति निकेतन विश्वविद्यालय की स्थापना गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर ने की थी। यह संगीत और कला के क्षेत्र में विश्व के अग्रणी विश्वविद्यालयों में से एक है। इस दौरान आयुष की मां प्रतिमा तिवारी भी उपस्थित थीं।


