शाजापुर पुलिस को मिले आधुनिक दोपहिया वाहन:त्योहारी सीजन में कानून व्यवस्था बनाए रखने में मिलेगी मदद

शाजापुर पुलिस को त्योहारी सीजन में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस दोपहिया वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इन वाहनों की मदद से पुलिस किसी भी अप्रिय स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर सकेगी और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने में आसानी होगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) घनश्याम मालवीय ने बताया कि शहर की कई तंग गलियों में चार पहिया वाहनों का पहुंचना मुश्किल होता है। ऐसी स्थिति में नागरिकों को असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए इन दोपहिया वाहनों की सुविधा प्रदान की गई है। इन वाहनों में फ्लैश लाइट, पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम और हूटर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं लगाई गई हैं। इन्हें 14 बीट पार्टियों को सौंपा गया है। ये सुविधाएं भीड़ को नियंत्रित करने और पुलिस को घटनास्थल तक पहुंचने में मदद करेंगी, जिससे कानून व्यवस्था बनाए रखने में आसानी होगी। सोमवार शाम करीब 8 बजे एएसपी मालवीय, यातायात थाना प्रभारी सौरव शुक्ला, कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला, सूबेदार रवि वर्मा और सौरभ सिंह चौहान ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने नई सुविधाओं से लैस इन वाहनों का जायजा लिया और अपनी तैयारियों का परीक्षण भी किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *