कांगड़ा में महिला ने की आत्महत्या:5 महीने पहले हुई शादी, पति-सास पर दहेज प्रताड़ना का केस, पुलिस ने हिरासत में लिया

कांगड़ा जिले के देहरा में एक नवविवाहिता ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 24 वर्षीय ईशा ठाकुर पत्नी संदीप ठाकुर के रूप में हुई है। ईशा के पिता ने पति और सास पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया है। सोमवार (29 सितंबर) को सुबह करीब 9 बजे तक ईशा अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो घरवालों ने दरवाजा खोला। उन्हें ईशा छत के पंखे से लटकी मिली। सूचना मिलने पर थाना डाडासीबा की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल देहरा भेजा। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। ईशा की 5 महीने पहले ही हुई थी शादी मृतका के पिता कुशल कुमार ने पुलिस थाना संसारपुर टेरेस में बयान दर्ज करवाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की शादी 5 महीने पहले संदीप ठाकुर से हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज कम लाने के लिए पति और सास द्वारा लगातार परेशान और प्रताड़ित किया जा रहा था। पिता के बयान के आधार पर थाना संसारपुर टेरेस में जीरो एफआईआर दर्ज की गई। पति संदीप ठाकुर और सास रचना देवी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह केस आगे की जांच के लिए थाना डाडासीबा को भेज दिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पोस्टमॉर्टम से होगा आत्महत्या के कारणों का खुलासा एसडीपीओ डाडासीबा राज कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *