प्रदेश में चल रहे ”शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत आज जयपुर सीएमएचओ सैंकड की टीम ने चाकसू में एक खाद्य तेल व्यापारी के यहां छापा मारा। इस दौरान यहां से 1155 किलो मिलावटी सरसों का तेल जब्त कर उसको सीज किया। साथ ही तेल के अलग-अलग बैच में सैंपल लेकर उसे जांच के लिए लैब भिजवाया। पूछताछ में व्यापारी ने बताया कि वह ये तेल आसपास के गांव और कस्बों में सप्लाई करता है। जयपुर सीएमएचओ सैंकड डॉ. मनीष मित्तल ने बताया- आज सुबह चाकसू के टिगरिया रोड स्थित फर्म मैसर्स चारभुजा ट्रेडर्स पर टीम पहुंची। जहां टीम को बड़ी मात्रा में सरसों के तेल का स्टॉक मिला, जो एक टैंक में भरा था। डॉ. मित्तल ने बताया पूर्व में भी इस फर्म के छापा मारा था, तब फर्म के पास मिले तेल के नमूने अमानक पाए गए थे। उस क्रम में आज हमारी टीम ने वापस कार्यवाही की। उन्होंने बताया- त्योहारी सीजन में ये व्यापारी सुबह जल्दी 9 बजे तक तेल के टीन सप्लाई करके फैक्ट्री बंद कर देता है जिस पर टीम सुबह 8 बजे फैक्ट्री पर पहुंच गई। मालिक मनोज गुप्ता जाने की तैयारी में था। इस दौरान टीम ने निरीक्षण करने पर सरसों तेल के 50 टीन रखे हुए थे, जिन पर कोई लेबल, मैन्युफेक्चरिंग की डेट और एक्सपायरी डेट मेंशन थी। इन टिन पर फैक्ट्री का नाम पता भी अंकित नहीं था। इसके अलावा फर्म मालिक के पास खाद्य कारोबार करने के लिए फूड लाइसेंस भी उपलब्ध नहीं था। इस प्रकार बिना नाम, पता अंकित किए सरसों तेल बेचा जाना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम का उल्लंघन है और मिलावट का अंदेशा जाहिर करता है। टैंक में भरा था 300 लीटर से ज्यादा तेल फैक्ट्री में दूसरी जगह जांच की तो वहां एक टैंक मिला, जिसमें करीब 300 लीटर सरसों का तेल भरा था। इस टैंक से तेल इन टिन में भरकर बाजार में सप्लाई के लिए जाता था। टीम ने जब इस टैंक को खाली करवाया तो उससे 27 टीन भरे गए। इस तरह टीम ने कुल 77 टीन लगभग 1155 किलो सरसों तेल आगामी आदेशों तक सीज किया गया। टीम में कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, विनोद थारवान और राजेश नागर भी शामिल रहे।


