चाईबासा में मंगलवार को सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन ग्राउंड में पूर्व खिलाड़ियों ने सिंहभूम फुटबॉल लीग संचालन समिति और सदस्य समिति के गठन पर सवाल उठाए। उन्होंने पूर्व समिति का लेखा-जोखा सार्वजनिक करने की मांग की है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बिमल विरुवा ने कहा कि वे खेल के विरोध में नहीं हैं और न ही उनकी मंशा खेल में रुकावट पैदा करना है। उनकी मुख्य मांग है कि फुटबॉल लीग से संबंधित सभी कार्य पारदर्शिता के साथ हों और वित्तीय लेखा-जोखा सार्वजनिक किया जाए। बिमल विरुवा ने बताया कि इस संबंध में उपायुक्त को एक ज्ञापन भी सौंपा गया है। पूर्व खिलाड़ियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे एक-दो दिनों में आक्रोश रैली निकालेंगे। पूर्व खिलाड़ियों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य खेल को बढ़ावा देना है, ताकि यहां के खिलाड़ी चयनित होकर राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें।


