यूक्रेन युद्ध में फंसे फतेहाबाद जिले के गांव कुम्हारिया के दोनों युवकों के परिवारों को उनके लौटने की उम्मीद नजर आई है। ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि विदेश मंत्रालय की ओर से जारी की गई लिस्ट में इन दोनों युवकों का नाम भी शामिल है। विदेश मंत्रालय ने 27 नए लोगों की लिस्ट जारी की है, जो रशियन आर्मी में भर्ती करके यूक्रेन युद्ध में धकेले जा चुके हैं। इसके बाद परिवार को दोनों युवकों की वापसी की आस बंधी है। मंगलवार को यूक्रेन में फंसे युवक अंकित जांगड़ा का भाई रघुवीर जांगड़ा फतेहाबाद में जिला प्रशासन से मिलने पहुंचा। यहां मीडिया से बातचीत में रघुवीर ने कहा कि हमारी ओर से लगातार सरकार के समक्ष उनके भाई और विजय को वापस लाने की मांग उठाई गई। सरकार ने जारी की 27 लोगों की लिस्ट इसी का नतीजा है कि सरकार ने रूस से पूरी डिटेल प्राप्त कर 27 लोगों की लिस्ट जारी की है। इनमें अंकित और विजय का नाम शामिल है। रघुवीर ने बताया कि उन्हें यह लिस्ट सोमवार को मिली है। इसके बाद अब फिर से हमने सरकार से इन्हें वापस लाने की मांग तेज की है। बता दें कि, रूस सेना में जबरन भर्ती कर यूक्रेन युद्ध में भेजे गए फतेहाबाद के दोनों युवकों अंकित जांगड़ा व विजय पूनिया का 20 दिन से परिवार से कोई संपर्क है। दोनों के परिजन बेहाल हैं। परिवार ने चंडीगढ़ में सीएम ऑफिस और दिल्ली में विदेश मंत्रालय के भी कई चक्कर लगाए हैं। 11 सितंबर को हुआ था आखिरी बार संपर्क अंकित के भाई रघुवीर जांगड़ा बताते हैं कि 11 सितंबर की रात के बाद से अंकित से कोई संपर्क नहीं हुआ है। वह दिल्ली में विदेश मंत्रालय भी गए थे। तीन बार सीएम नायब सैनी से मिल चुके हैं। सरकार तक बात पहुंचाने के कई प्रयास किए। उसी का नतीजा है कि विदेश मंत्रालय की लिस्ट में अंकित और विजय का नाम आया है। जानिए…क्या है पूरा मामला 26 अक्टूबर को है विजय का जन्मदिन कुम्हारिया के ही विजय पूनिया के परिवार में मां सुमन देवी और छोटा भाई सुनील कुमार हैं। विजय के छोटे भाई सुनील कुमार ने बताया कि भाई से आखिरी बार 13 सितंबर की शाम को बात हुई थी। तब उसने बताया था कि उन्हें जीरो लाइन की तरफ आगे लेकर जा रहे हैं। उन्होंने रूस में इंडियन एंबेसी में कई बार बात की है। सुनील बताते हैं कि उसके भाई का 26 अक्टूबर को बर्थडे है। वह भगवान से यही प्रार्थना है कि वो सकुशल लौट आए तो धूमधाम से उसका बर्थडे मनाएंगे।


