पाकिस्तान के क्वेटा शहर में मंगलवार को फ्रंटियर कांस्टेबुलरी (FC) मुख्यालय के पास एक भीड़भाड़ वाली सड़क बड़ा धमाका हुआ है। धमाके में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 32 लोग घायल हो गए। क्वेटा के SSP मोहम्मद बलोच के मुताबिक, विस्फोटक से भरी गाड़ी मॉडल टाउन से हाली रोड की ओर मुड़ रही थी, तभी धमाका हुआ। बलूचिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री बख्त मोहम्मद काकर के मुताबिक घायलों को सिविल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। सभी बड़े अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी है। इनमें क्वेटा सिविल अस्पताल, बलूचिस्तान मेडिकल कॉलेज (BMC) अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर शामिल हैं। सभी डॉक्टरों, फार्मासिस्ट, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ को अस्पतालों में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है। पाकिस्तानी राष्ट्रपति राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कहा है कि इसके पीछे भारत समर्थित आतंकियों का हाथ है। ब्लास्ट का पूरा वीडियो यहां देखिए… धमाके की तस्वीरें… बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री ने आतंकी घटना बताया बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर सरफराज बुगटी ने इस घटना को आतंकी हमला बताया। उन्होंने कहा, धमाके के बाद सुरक्षा बलों ने कार्रवाई की और चार आतंकियों को मार गिराया। आतंकवादी कायराना हरकतों से हमारे हौसले कमजोर नहीं कर सकते। हम शहीदों के परिवारों के साथ खड़े हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने भी हमले की निंदा की और कहा कि इसके पीछे भारत समर्थित आतंकियों का हाथ है। राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह आत्मघाती हमला प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के आतंकियों ने किया। बयान में यह भी कहा गया, जो ताकतें पाकिस्तान की शांति और स्थिरता को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं, उन्हें सफल नहीं होने दिया जाएगा। सुरक्षा बलों की बहादुरी और तत्परता ने आतंकियों की साजिश को नाकाम कर दिया। राष्ट्रपति ने घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की और देश की सुरक्षा में लगे जवानों के साहस की सराहना की।


