धनबाद पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान के शूटर रबिउल इस्लाम उर्फ मोटा को गिरफ्तार किया है। वह धनबाद के एक व्यापारी की हत्या की योजना बना रहा था। पुलिस ने उसे वारदात को अंजाम देने से पहले ही दबोच लिया। डीएसपी विधि व्यवस्था नौशाद आलम ने बताया कि रबिउल इस्लाम के पास से एक देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। एसएसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक एसआईटी का गठन किया गया था। गैंगस्टर प्रिंस खान और गोपी खान के लिए काम करने की बात कबूली एसआईटी ने दामोदरपुर में चेकिंग के दौरान बलियापुर से दामोदरपुर के रास्ते में रबिउल इस्लाम को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से हथियार और गोली मिली। पूछताछ में उसने गैंगस्टर प्रिंस खान और गोपी खान के लिए काम करने की बात कबूली। रबिउल इस्लाम ने शहाबुद्दीन हत्याकांड में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पिछले साल धनबाद में शहाबुद्दीन की हत्या हुई थी। डीएसपी ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी में चाईबासा पुलिस का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। वह ओडिशा और चक्रधरपुर में भी हत्या के मामलों में वांछित अपराधी रहा है। धनबाद में व्यापारी की हत्या के लिए ऋतिक खान ने उसे चोरी की मोटरसाइकिल और हथियार उपलब्ध कराए थे। गिरफ्तारी के बाद, धनबाद पुलिस ने अपराधी रबिउल इस्लाम उर्फ मोटा को सदर अस्पताल से व्हीलचेयर पर जेल भेजा।


