रामगढ़ जिले के रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में नवरात्र की महाअष्टमी पर श्रद्धालु उमड़ पड़े। भक्तों ने मां छिन्नमस्तिका के चरणों में माथा टेका और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। नवरात्र के दौरान मंदिर को मनमोहक फूलों से सजाया गया है, जिसे देखकर श्रद्धालु खूब सेल्फी ले रहे हैं। देशी-विदेशी फूलों से की गई भव्य सजावट लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। हिंदू धर्म ग्रंथों के अनुसार, विश्व में तीन प्रमुख सिद्ध पीठ बताए गए हैं। इनमें असम की कामाख्या देवी, बंगाल की तारा पीठ और झारखंड का मां छिन्नमस्तिका देवी मंदिर शामिल हैं। मान्यता है कि इन तीनों स्थानों पर साधना करने से ही पूर्ण सिद्धि प्राप्त होती है। यही कारण है कि नवरात्र के समय यहां साधकों और तांत्रिकों की भीड़ जुटना स्वाभाविक है। यह मंत्रमुग्ध कर देने वाला नजारा देश के प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा मंदिर का है।


