पंजाब में फरीदकोट जिला पुलिस ने सिविल अस्पताल में हुई चोरी के मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव पिपली निवासी बोहड़ सिंह और भोलूवाला रोड स्थित गोबिंदसर बस्ती निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ गोरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार थाना सिटी पुलिस को सीनियर मेडिकल अफसर सिविल अस्पताल फरीदकोट ने शिकायत दी थी कि 24 सितंबर की रात को सिविल अस्पताल से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एल.एम.ओ. की पाइपें चोरी कर ली गई थीं। पाइप चोरी होने के कारण ऑक्सीजन लीक हो गई, जिससे अस्पताल को भारी नुकसान हुआ। भोलूवाला रोड से पुलिस ने किया अरेस्ट इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए थाना सिटी फरीदकोट में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान फरीदकोट पुलिस ने इस मामले में शामिल दोनों आरोपियों बोहड़ सिंह और हरप्रीत सिंह उर्फ गोरा को 29-30 सितंबर की दरमियानी रात को भोलूवाला रोड, फरीदकोट से गिरफ्तार किया। कबाड़ी हरप्रीत पर पहले भी दर्ज है 2 केस-डीएसपी इस मामले में डीएसपी (डी) अरुण मुंडन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोरी की वारदात बोहड़ सिंह ने अंजाम दी थी और उसने चोरी का सामान कबाड़ी हरप्रीत सिंह उर्फ गोरा को बेच दिया था। जब हरप्रीत सिंह के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की गई तो पता चला कि उसके खिलाफ पहले भी चोरी से संबंधित 2 मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जा रहा है। रिमांड के दौरान उनसे और पूछताछ की जाएगी, जिससे अन्य चोरी की वारदातों का भी पर्दाफाश होने की संभावना है।


