लुधियाना| पंजाब की 37वीं माडर्न गांव मिन्नी ओलंपिक जरखड़ खेल इस बार 7 से 9 फरवरी को होगी। जरखड़ खेल संबंधी माता साहिब कौर स्पोर्ट्स चैरिटेबल ट्रस्ट जरखड़ की जरूरी मीटिंग चेयरमैन नरिंदर पाल सिंह सिद्धू की प्रधानगी में जरखड़ खेल स्टेडियम में हुई। मीटिंग की कार्रवाई मुख्य प्रबंधक जगरूप सिंह जरखड़ तथा प्रधान एडवोकेट हरकमल सिंह ने बातचीत करते हुए बताया कि इन खेलों में नायब सिंह ग्रेवाल जोधा ओपन कबड्डी कप, हॉकी सीनियर (लड़के-लड़कियां), हॉकी सब जूनियर लड़के, वॉलीबॉल, प्राइमरी स्कूलों के बच्चों के खेल फुटबॉल, कबड्डी के अलावा सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के बच्चों की खेल रस्सा कस्सी, कबड्डी नेशनल स्टाइल, वॉलीबॉल आदि खेलों के मुकाबले होंगे। हॉकी के मुकाबले 7 फरवरी को शुरू होंगे। इस मौके पर दोपहर 2 बजे गायकों का खुला अखाड़ा लगेगा। कबड्डी के मैच शाम 5 बजे से पहले ही समाप्त कर दिए जाएंगे। विजेता खिलाड़ियों को 60 साइकिल दी जाएगी। मीटिंग में इंस्पेक्टर बलबीर सिंह हीर, सरपंच संदीप सिंह, सरपंच बलविंदर सिंह, शिंगारा सिंह, परमजीत सिंह, दपिंदर सिंह, साहिबजीत सिंह, गुरसतिंदर सिंह आदि मौजूद रहे।


