रवनीत बिट्टू का CM मान पर तीखा हमला:बोले-विधानसभा में प्ले-वे के बच्चे,अमित शाह के सामने बदल गया व्यवहार

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बाढ़ राहत पर CM भगवंत मान के विधानसभा में प्रदर्शन को नाटक बताया।कहा पंजाब में बच्चों की तरह हंगामा करते हैं, दिल्ली में गृह मंत्री के सामने भीगी बिल्ली बन जाते हैं। बाढ़ पीड़ितों के लिए केंद्र से कम फंड मिलने का आरोप लगाकर पंजाब सरकार विधानसभा में कर रही है विरोध। पंजाब में बाढ़ राहत के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार के बीच तकरार अब निजी हमलों तक पहुंच गई है। बुधवार को लुधियाना में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भास्कर से बात करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान के विरोध प्रदर्शन पर ऐसा तंज कसा, जिसने प्रदेश का सियासी पारा गरमा दिया है। बिट्टू ने CM मान के विधानसभा में व्यवहार की तुलना ‘प्ले-वे स्कूल के बच्चों’ से कर दी और उन पर दोहरी भूमिका निभाने का गंभीर आरोप लगाया। दरअसल मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के विधायक पिछले कुछ दिनों से विधानसभा में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं कि बाढ़ पीड़ितों के लिए मांगी गई राहत राशि नहीं दी गई। इसी प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए बिट्टू ने कहा,ये विधानसभा में तो ऐसे हंगामा करते हैं जैसे प्ले-वे स्कूल के बच्चे हों। लेकिन जब कल (हाल ही में) गृह मंत्री अमित शाह जी से मिलकर आए थे, तो वहां इनका व्यवहार बिल्कुल अलग था। वहां ये पूरी गंभीरता से बात कर रहे थे। यह दोहरा चरित्र क्यों?
बिट्टू ने लगाया ‘दिखावे की राजनीति’ का आरोप
रवनीत बिट्टू ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री को जनता के सामने अपनी छवि बनाने के लिए विधानसभा को सियासी अखाड़ा नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने कहा अगर आपको सच में पंजाब के लोगों की चिंता है तो आपको केंद्र के साथ मिलकर काम करना होगा। विधानसभा में नारेबाजी और दिल्ली में जाकर चुप हो जाना यह पंजाब के लोगों के साथ धोखा है। यह सिर्फ दिखावे की राजनीति है ताकि अपनी नाकामियों को केंद्र के सिर पर मढ़ा जा सके। इसी के साथ बिट्टू बोले लुधियाना के रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण का इंतजार कर रहे लुधियाना वासियों को अभी और धैर्य रखना होगा। स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के पूरा होने में अभी करीब एक साल का समय और लगेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *